Samastipur

समस्तीपुर:झपकी आने से बच्ची स्कूटी से गिरी, ट्रक ने कुचला:पिता संग एग्जाम देने जा रही थी

समस्तीपुर में एग्जाम देने जा रही एक 8 साल की बच्ची को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद सड़क पर मांस के लोथड़े बिखर गए। शव की हालत ऐसी हो गई कि बच्ची की लाश को समेटकर प्लास्टिक में रखना पड़ा।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

हादसा समस्तीपुर-मुसरीघरारी सड़क पर डीएवी स्कूल मोड़ के पास करीब 8 बजे हुआ। एक घंटे बाद ही बच्ची की स्कूल की परीक्षा शुरू होनी थी।

 

एग्जाम के लिए वो अपने पिता के साथ स्कूटी पर बैठकर जा रही थी। डीएवी स्कूल के मोड़ के पास झपकी आने के कारण बच्ची स्कूटी से फिसलकर सड़क पर गिर गई।इसी दौरान पीछे से आ रहे बालू लदे ट्रक ने बच्ची को कुचल दिया। मृतका की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के मोहली गांव के रहने वाले आशुतोष रंजन की 8 साल की श्रेया कुमारी के रूप में हुई है।

 

बच्ची के चाचा रजनीश रंजन ने बताया, गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर श्रेया माता-पिता के साथ सोमवार की रात घर से करीब 9 किलोमीटर दूर अपने गांव गई थी।

 

गांव में रात को धार्मिक कार्यक्रम था, जिसमें पूरा परिवार शामिल हुआ था। रात को कार्यक्रम के बाद तड़के सुबह पूरा परिवार शहर वाले घर आ गया।

 

 

नींद आने की वजह से स्कूटी से फिसली श्रेया

 

चाचा के अनुसार, गांव में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुई श्रेया देर रात तक जगी थी और उसकी नींद पूरी नहीं हुई थी। वो डीआरएम ऑफिस के पास एक प्राइवेट स्कूल में दूसरी की छात्रा थी। हालांकि, उसके माता-पिता एग्जाम की वजह से उसे गांव लेकर नहीं जा रहे थे, लेकिन श्रेया के बार-बार जिद करने के बाद उसके माता-पिता उसे लेकर गांव गए।

 

सुबह गांव से लौटने के बाद एक घंटे में श्रेया स्कूल के लिए तैयार हुई। इसके बाद उसने पिता को कहा कि मुझे स्कूल छोड़ दीजिए। श्रेया के पिता आशुतोष रंजन स्कूटी से उसे स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान नींद आने के कारण श्रेया चलती स्कूटी से डीएवी स्कूल के मोड़ के पास सड़क पर दाहिने ओर गिर गई।

सड़क पर गिरते ही बालू भरे ट्रक ने रौंदा

 

श्रेया के सड़क पर गिरने के बाद पीछे से बालू लदा ट्रक आ रहा था, जिसने श्रेया को कुचल दिया। ट्रक पर बालू लोड होने की वजह से श्रेया की लाश के चिथड़े हो गए। हालांकि, हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बालू लदे ट्रक को पकड़ लिया गया।

 

वहीं, हादसे की सूचना के बाद मुसरीघरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद बच्ची के शव को पॉलिथीन में उठाकर सदर अस्पताल लाया गया।

 

हादसे के बाद समस्तीपुर-मुसरीघरारी पथ पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। लेकिन, शव को सड़क से हटाए जाने के बाद यातायात सामान्य हो गया।

 

मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि ट्रक से कुचलकर बच्ची की मौत हुई है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। हादसे को अंजाम देने वाली ट्रक को जब्त कर लिया गया है.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *