Begusarai

तेघड़ा में जन्माष्टमी मेले की तैयारी तेज:विष्णुपद मंदिर की तर्ज पर बनेगा भव्य पंडाल

बेगूसराय.तेघड़ा के कृष्णाधाम में ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। यह मेला करीब तीन किलोमीटर के दायरे में लगेगा। मेले की सभी 14 मंडप समितियों ने भव्य पंडाल बनाने का काम शुरू कर दिया है। जन्माष्टमी मेले का यह शताब्दी वर्ष है, इसलिए इस बार पंडालों को और भी आकर्षक और भव्य रूप देने की तैयारी है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

पंडाल बनाने के लिए कोलकाता, चेन्नई, मुंबई, लखनऊ, देहरादून और छत्तीसगढ़ जैसे कई शहरों से कारीगर तेघड़ा पहुंचे हैं। ये कारीगर दिन-रात काम करके पंडालों को अंतिम रूप दे रहे हैं। पंडालों के निर्माण में बांस, लकड़ी, प्लाई, फ्रेम, कपड़े और कृत्रिम फूलों जैसी सजावटी चीजों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

 

 

इस मेले का खास आकर्षण रजिस्ट्री कार्यालय तेघड़ा स्थित जय हनुमान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला समिति का पंडाल होगा। यह समिति इस बार तमिलनाडु के विष्णुपद मंदिर की तर्ज पर एक भव्य पंडाल बना रही है। राजस्थान और जामताड़ा के कारीगर पंडाल का ढांचा तैयार कर रहे हैं, वहीं कोलकाता और तमिलनाडु के कलाकार प्रतिमाएं बना रहे हैं। कारीगर पंडाल को सुंदर बनाने के लिए बारीकी से सजावट का काम कर रहे हैं।

 

मेला समिति के अध्यक्ष मणिभूषण प्रसाद सिंह, संजय कुमार सिन्हा, अजय कुमार सिंह, विकास वागीश, मुकेश कुमार और सोहन सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार सितंबर की रात 12 बजे रोहिणी नक्षत्र में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद पांच से आठ सितंबर तक मेला लगेगा। नौ सितंबर को प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

 

इस बार लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। तेघड़ा का श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला उत्तर बिहार के बड़े जन्माष्टमी मेलों में से एक है। हर साल बिहार के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां देखने आते हैं। मेले के शताब्दी वर्ष को लेकर इस बार लोगों में खास उत्साह है। मंडप समितियां श्रद्धालुओं को खींचने के लिए पंडालों और झांकियों को भव्य रूप देने में लगी हैं।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *