गायघाट में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के सतघट्टा गांव में गुरुवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतका की पहचान 19 साल की अर्चना कुमारी के रूप में हुई है, जो सतघट्टा गांव के रुपेश सहनी की पत्नी थीं।सूचना मिलने पर गायघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को घर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। अर्चना का शव घर में साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया गया था। परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर बिस्तर पर रखा था।
इस घटना को लेकर मृतका के मायके वालों ने गुरुवार शाम गायघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मृतका के भाई ललन कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले अर्चना की शादी रुपेश सहनी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उसे परेशान करते थे।
ललन कुमार ने यह भी बताया कि अर्चना को उपहार देने के लिए मायके में सभी सामान खरीद लिए गए थे। छठ पूजा के मौके पर यह सामान ससुराल भेजने की तैयारी थी।
वहीं, मृतका के पति रुपेश सहनी ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी के लिए अक्सर बाहर रहता था और लौटने में रात हो जाती थी। इस वजह से अर्चना उस पर शक करती थी। बुधवार रात करीब आठ बजे घर लौटने पर अर्चना उससे झगड़ा करने लगी। इसके बाद वह अपनी मां के कमरे में जाकर सो गया।
रुपेश के मुताबिक, गुरुवार सुबह देर तक अर्चना कमरे से बाहर नहीं निकली। जब वह देखने गया तो उसे घर में साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया। घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।थानाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतका के मायके वालों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
