10-लाख की छिनतई की झूठी कहानी का खुलासा:दलसिंहसराय से जुड़ा तार,ज्वेलरी कारोबारी का स्टाफ ही निकला मास्टरमाइंड,3 गिरफ्तार
बेगूसराय.बरौनी जंक्शन पर वैशाली एक्सप्रेस के साधारण कोच में 10 लाख रुपये की छिनतई की झूठी कहानी रचकर रकम हड़पने की एक बड़ी साजिश का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
जीआरपी बरौनी, आरपीएफ बरौनी, सीआईबी गढ़हरा और गढ़हरा थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन शातिर युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर न्यू बरौनी स्टेशन के पास एक जंगल से लूटे गए पूरे 10 लाख रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
वसूली के पैसों पर डोला ईमान
जीआरपी बरौनी के थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जमुई निवासी केशव कुमार सोनी खगड़िया में ज्वेलरी (सोने-चांदी) का बड़ा कारोबार करते हैं।19 सितंबर को उनका स्टाफ लक्की कुमार दलसिंहसराय से तगादा (वसूली) के 10 लाख रुपये लेकर लौट रहा था। इतनी बड़ी रकम देखकर लक्की का ईमान डोल गया।
दोस्तों के साथ मिलकर रची साजिश
उसने अपने दो साथियों—प्रियरंजन और नीतीश कुमार के साथ मिलकर इस पूरी रकम को खुद हड़पने की एक शातिर साजिश रच डाली।
वैशाली एक्सप्रेस में रची गई छिनतई की झूठी कहानी
तय योजना के अनुसार, बरौनी जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी वैशाली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15566) के साधारण कोच में छिनतई की एक झूठी घटना को अंजाम दिया गया।इसके तुरंत बाद लक्की कुमार ने घबराते हुए अपने मालिक केशव कुमार सोनी को फोन कर सूचना दी कि ट्रेन में अज्ञात बदमाशों ने उससे 10 लाख रुपये छीन लिए हैं।
तकनीकी जांच और कड़ाई से पूछताछ में खुला राज
इतनी बड़ी रकम की छिनतई की सूचना मिलते ही रेल पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने गढ़हरा थाना पुलिस की मदद से पीड़ित बने लक्की कुमार से गहन पूछताछ शुरू की।
जब पुलिस ने लक्की के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच (सीडीआर और चैट) की, तो उसकी कहानी में कई झोल नजर आए।पुलिस की कड़ाई के आगे लक्की टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने न्यू बरौनी स्टेशन के पास घेराबंदी कर उसके दोनों सहयोगियों प्रियरंजन और नीतीश कुमार को धर दबोचा।
झाड़ियों में चादर में लपेटकर रखे थे रुपये
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम न्यू बरौनी स्टेशन के ढाला नंबर 61 से करीब 200 गज पहले सड़क के बाईं ओर स्थित घने जंगल में पहुंची।
वहाँ झाड़ियों के बीच छुपाकर रखा गया एक ग्रे रंग का पिट्ठू बैग बरामद हुआ। बैग को जब खोला गया, तो पुलिस भी हैरान रह गई।बैग के अंदर एक चादर में लपेटकर रखे गए 500-500 रुपये के कुल दो हजार नोट (कुल 10 लाख रुपये) सुरक्षित बरामद कर लिए गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए तीनों मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।
बरौनी रेल थाना में मामला दर्ज
इस सनसनीखेज मामले को लेकर पीड़ित व्यवसायी केशव कुमार सोनी के लिखित आवेदन पर रेल थाना बरौनी में 19 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसका कांड संख्या 182/26 है।पुलिस तीनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी कर रही है। इस त्वरित और सफल कार्रवाई के लिए स्थानीय व्यवसायियों ने रेल पुलिस की पीठ थपथपाई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
