बेगूसराय:पंचों ने उजड़ते परिवार को फिर बसाया:पति-पत्नी और प्रेमिका के बीच 5 साल पुराना विवाद खत्म
बेगूसराय के सदर प्रखंड की नीमा पंचायत में बुधवार को पंचों ने करीब पांच साल से चले आ रहे पति-पत्नी और प्रेमिका के विवाद का पंचायत स्तर पर समाधान कराया। घंटों चली पंचायत के बाद तीनों पक्षों ने पंचों के फैसले पर सहमति जताई और लिखित रूप से अपनी मंजूरी दी।मामला नीमा वार्ड-05 निवासी प्रमोद कुमार, उनकी पहली पत्नी आरती देवी और खगड़िया जिले की रहने वाली चांदनी देवी से जुड़ा है। बताया गया कि प्रेम-प्रसंग को लेकर लंबे समय से तीनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इससे घर में आए दिन तनाव और विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
जानकारी के अनुसार, मामले को लेकर महिला थाना में भी सुनवाई चलती रही। करीब तीन साल तक मामला वहां चलने के बावजूद समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद प्रमोद की पहली पत्नी आरती देवी ने गांव के पंचों से मामले को सुलझाने की गुहार लगाई।
घंटों चली पंचायत, तीनों पक्षों की मौजूदगी में फैसला
बुधवार को सरपंच प्रतिनिधि मो. मिकाईल की अध्यक्षता में पंचायत बुलाई गई। इसमें प्रमोद कुमार, आरती देवी और चांदनी देवी के साथ तीनों पक्षों के परिजन भी मौजूद रहे। पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद पंचों ने आपसी सहमति से फैसला सुनाया।पंचों ने प्रमोद कुमार और उनकी पहली पत्नी आरती देवी को पुराने विवाद भुलाकर साथ नई जिंदगी शुरू करने को कहा। वहीं, चांदनी देवी को उसके पति के साथ भेजने का निर्णय लिया गया। इसके लिए उसके पति को कटिहार से बुलाया गया और पंचायत की मौजूदगी में आपसी सहमति से चांदनी को उसके पति के साथ भेज दिया गया।
एक-दूसरे को माला पहनाकर साथ रहने का लिया संकल्प
फैसले के बाद प्रमोद कुमार और आरती देवी ने पंचों के सामने एक-दूसरे को माला पहनाई और पुराने विवाद भुलाकर साथ रहने का संकल्प लिया। तीनों पक्षों ने पंचायत के फैसले को स्वीकार करते हुए लिखित सहमति भी दी।
फैसले के गवाह मुखिया प्रतिनिधि अजीत कुमार समेत पंचायत के कई प्रमुख लोग बने। ग्रामीणों ने कहा कि जिस विवाद का समाधान थाने में लंबे समय तक नहीं हो सका, उसे पंचायत में सभी पक्षों की सहमति से सुलझा लिया गया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
