जमशेदपुर में 36 करोड़ की बैंक डकैती मामले में विभूतिपुर-अंगारघाट में STF की छापेमारी
समस्तीपुर: झारखंड के जमशेदपुर में 24 सितंबर को हुई केनरा बैंक की बड़ी डकैती की जांच अब समस्तीपुर तक पहुंच गयी है. झारखंड पुलिस की एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से विभूतिपुर और अंगारघाट थाना क्षेत्र में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. हालांकि, कार्रवाई के दौरान अपराधियों के संबंध में कोई ठोस सुराग मिलने की जानकारी सामने नहीं आयी है.
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई डकैती में करीब 23 किलो सोना और 43 लाख रुपये नकद लूटे जाने की रिपोर्ट सामने आयी है. अलग-अलग रिपोर्टों में लूटे गये सोने की कीमत करीब 33 से 36 करोड़ रुपये बतायी गयी है.
समस्तीपुर में पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला
सूत्रों के अनुसार, झारखंड एसटीएफ की टीम समस्तीपुर पहुंचने के बाद पहले स्थानीय पुलिस अधिकारियों से मामले को लेकर इनपुट लिया. इसके बाद संदिग्धों के संभावित ठिकानों की जानकारी के आधार पर विभूतिपुर और अंगारघाट थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गयी.
एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस से बैंक डकैती और सोना लूट की घटनाओं में पूर्व में सक्रिय रहे अपराधियों और उनके गिरोह के बारे में भी जानकारी जुटायी. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जमशेदपुर की वारदात में समस्तीपुर या आसपास के जिलों के किसी अपराधी की भूमिका तो नहीं है.
24 मिनट में लूटे थे सोना और नकदी
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को हथियारबंद अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया था. रिपोर्टों के अनुसार, पांच अपराधी बारिश के दौरान रेनकोट पहनकर बैंक पहुंचे और कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बनाया. इसके बाद बैंक के चेस्ट और गोल्ड लोन से जुड़े सेफ से सोना और नकदी लेकर फरार हो गये. पूरी वारदात करीब 24 मिनट में होने की जानकारी सामने आयी है.
लूटी गयी संपत्ति के आंकड़ों को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में अंतर है, लेकिन करीब 23-24 किलो सोना और 40-43 लाख रुपये नकद की लूट की बात कई रिपोर्टों में सामने आयी है.
समस्तीपुर के अपराधियों का पहले भी झारखंड कनेक्शन
पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि झारखंड में बैंक और सोना लूट की कुछ पुरानी घटनाओं में समस्तीपुर के अपराधियों के नाम सामने आ चुके हैं. 2022 में धनबाद में मुथूट फिनकॉर्प कार्यालय और गूंजन ज्वेलर्स से जुड़ी लूट के मामलों में भी समस्तीपुर के अपराधियों की गिरफ्तारी की बात सामने आयी थी.इन्हीं पुराने मामलों को ध्यान में रखते हुए झारखंड एसटीएफ जमशेदपुर बैंक डकैती में समस्तीपुर कनेक्शन की जांच कर रही है. फिलहाल टीम संभावित आरोपितों की पहचान और उनके नेटवर्क से जुड़े लोगों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
