Begusarai

बलिया में बाढ़ से 30 फीट सड़क बह गई,तीन फीट पानी में अब भी नाव से हो रहा आवागमन

Begusarai : बीते दिनों बेगूसराय के बलिया प्रखंड के दियारा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ ने जनजीवन के साथ-साथ सड़क व्यवस्था को भी बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है. करीब एक महीने तक बाढ़ के पानी में डूबी रहने के कारण दियारा क्षेत्र को प्रखंड मुख्यालय और आसपास के अन्य गांवों से जोड़ने वाली लगभग सभी प्रमुख सड़कों को किसी न किसी रूप में भारी क्षति पहुंची है. अब जैसे-जैसे नदियों के जलस्तर में कमी आ रही है, वैसे-वैसे क्षतिग्रस्त सड़कों की बदहाल तस्वीरें धीरे-धीरे सामने आने लगी हैं.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

चेचियाही ढाब में शुक्रवार को भी सड़क पर करीब तीन फीट से अधिक बाढ़ का पानी जमा रहने के कारण इस मुख्य मार्ग पर लोगों का आवागमन केवल नाव के सहारे ही हो रहा है. यह सड़क मीरअलीपुर, मसुदनपुर, शाहपुर, शिवनगर और भवानंदपुर समेत कई बड़े गांवों के लोगों के आवागमन का मुख्य जरिया है. सड़क पर अभी भी पानी जमा रहने से ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय और अपने जरूरी कार्यों को पूरा करने के लिए विवश होकर नाव का सहारा लेना पड़ रहा है.

 

शादीपुर और गोखलेनगर के बीच 30 फीट सड़क बही

इधर, ताजपुर पंचायत के गोखलेनगर विष्णुपुर, ताजपुर और सहबेकपुर सहित कई गांवों को आपस में जोड़ने वाली मिर्जापुर-ताजपुर पथ की स्थिति भी बाढ़ के कारण बेहद खराब हो गई है. कई स्थानों पर सड़क के धंसने और टूटने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. स्थिति यह है कि शादीपुर और गोखलेनगर विष्णुपुर के बीच लगभग 30 फीट लंबी सड़क बाढ़ के तेज बहाव में पूरी तरह बह गई है.

 

इसके कारण इस मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है. शुक्रवार तक भी सड़क के कटे हुए हिस्से में पानी का बहाव लगातार जारी था. पानी के तेज बहाव के कारण कटे हुए इस हिस्से से पैदल आवागमन करना भी ग्रामीणों के लिए काफी जोखिम भरा साबित हो रहा है.

 

 

गोखलेनगर विष्णुपुर जाने वाले मार्ग पर बहता बाढ़ का पानी

मुखिया ने ग्रामीण कार्य विभाग से की मरम्मत की मांग

ताजपुर पंचायत के मुखिया शिवनंदन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगा नदी के जलस्तर में अब धीरे-धीरे कमी आ रही है. पानी घटने के साथ ही बाढ़ से सड़कों को पहुँची क्षति की वास्तविक और भयावह तस्वीर सामने आ रही है.

 

उन्होंने बताया कि शादीपुर गांव से गोखलेनगर विष्णुपुर के बीच सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने के कारण स्थानीय लोगों का संपर्क कट गया है और आवागमन पूरी तरह ठप है. मुखिया ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि वे जल्द से जल्द इन क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थल निरीक्षण कराएं और त्वरित मरम्मती करवाकर इन्हें दोबारा आवागमन के योग्य बनाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *