किशनगंज में 1.30 करोड़ रुपए का मादक पदार्थ जब्त:इंटर स्टेट तस्कर गिरफ्तार
पटना.किशनगंज जिले में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को पकड़ा है। उसके पास से करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।इनमें 405 ग्राम हेरोइन (ब्राउन शुगर) और 183 ग्राम एमडीएमए शामिल है। पुलिस ने कुल 588 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया है।
इसके अलावा, आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, दो तलवार, छह मोबाइल फोन, छह डेबिट कार्ड, तीन फोन-पे स्कैनर और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू के साथ 1 लाख 1 हजार 300 रुपये नकद भी मिले हैं।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के कहने पर 16 सितंबर 2026 को बहादुरगंज थाना इलाके के लोहागाड़ा हाट में हुई।
बब्लु गिरी के घर पर ANTF और पुलिस ने छापा मारा
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बब्लु गिरी अपने घर में मादक पदार्थ छिपाकर तस्करी का काम चला रहा है।सूचना की जांच के बाद अनुमंडल पुलिस अधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और बहादुरगंज थाना की टीम ने बब्लु गिरी के घर पर छापा मारा।पुलिस ने बब्लु गिरी (पिता- स्व. खगेश्वर गिरी), निवासी लोहागाड़ा हाट वार्ड संख्या-5, थाना बहादुरगंज को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में बहादुरगंज थाना में केस दर्ज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े दूसरे अपराधियों और बरामद मादक पदार्थों के स्रोत और बिक्री के ठिकानों की जांच कर रही है।तस्करी से कमाई गई अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे भी जब्त किया जाएगा। इस मामले में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 597/26 दर्ज किया गया है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बब्लु गिरी पर पहले भी हत्या की कोशिश, मारपीट, चोरी और शराबबंदी कानून से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे गिरोह की गतिविधियों की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
