गले में चाकू मारकर युवक ने आत्महत्या का किया प्रयास,बची जान
बेगूसराय।भगवानपुर प्रखंड के तेयाय ओपी क्षेत्र अंतर्गत तेयाय गांव के वार्ड संख्या-8 में एक युवक ने अपने गले में चाकू मारकर आत्महत्या का प्रयास किया. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस टीम को सूचना दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने समय पर उपचार कर उसकी जान बचा ली.
प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर युवक
घायल युवक की पहचान तेयाय गांव निवासी नवीन पासवान के लगभग 18 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है. चिकित्सकों ने बताया कि युवक के गले में चाकू से कट लगा था. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति स्थिर है और वह फिलहाल खतरे से बाहर है.
गरीब परिवार से है युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार, सन्नी कुमार अत्यंत गरीब परिवार से है. घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है.
मुखिया ने हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया सोनू तांती भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. उन्होंने घायल युवक का हालचाल जाना और घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
