हाजीपुर स्टेशन पर ट्रॉली बैग चोरी का खुलासा, 4 गिरफ्तार
हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रॉली बैग चोरी करने वाले गिरोह का रेल पुलिस ने खुलासा किया है। रेल थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर 71 वर्षीय सुशील महतो को पकड़ा। पूछताछ में उसने सद्भावना एक्सप्रेस के बी-3 कोच से ट्रॉली बैग चोरी करने की बात स्वीकार की।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के बीच स्थित परित्यक्त एफओबी के पास सुशील महतो को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पूछताछ में बताया कि वह सद्भावना एक्सप्रेस के कोच बी-3 से ट्रॉली बैग चोरी कर भाग रहा था। इस घटना में समस्तीपुर के मोहद्दीनगर निवासी संजीव कुमार के शामिल होने की जानकारी दी।
सुशील की निशानदेही पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने डाकबंगला चौक स्थित सावन आवासीय होटल में छापेमारी की। वहां संजीव कुमार मिला। तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में उसने ट्रॉली बैग चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। संजीव ने पुलिस को बताया कि शंभू पासवान भी गिरोह में शामिल है। जांच के दौरान पुलिस को होटल मैनेजर चंदन कुमार की संलिप्तता की भी जानकारी मिली।
आरोप है कि चोरी की वारदात के बाद आरोपी चोरी का सामान और बैग होटल मैनेजर चंदन कुमार के पास लाकर रखते थे। पुलिस ने चंदन के कमरे की तलाशी ली, जहां से एक ट्रॉली बैग और दो मोबाइल बरामद किए गए। रेल पुलिस ने बरामद सामान को विधिवत जब्त कर सुशील महतो, संजीव कुमार, शंभू पासवान और होटल मैनेजर चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गिरोह द्वारा रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में की गई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
