तेघड़ा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला होगा भव्य:10 किमी में 17 मंडपों में सजेगी आकर्षक झांकी
बेगूसराय।तेघड़ा का ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला इस बार शताब्दी वर्ष के रूप में और भी भव्य स्वरूप में आयोजित होगा। करीब 10 किलोमीटर की परिधि में 17 मंडपों में सजने वाला यह मेला चार से नौ सितंबर तक चलेगा। शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए मेला समितियों की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पंडाल कलाकार मंडपों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
शताब्दी वर्ष में पहली बार बिहार सरकार के कला संस्कृति विभाग की ओर से तेघड़ा गौशाला परिसर में कला संस्कृति मंच का निर्माण कराया जा रहा है। इस मंच से कला संस्कृति विभाग द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए आयोजन समितियां व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगी हैं।
चार सितंबर की रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। विभिन्न मेला मंडपों में देश के अलग-अलग राज्यों से कलाकार बुलाकर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। आकर्षक झांकियां, सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नौ सितंबर को सभी 17 मंडपों की ओर से झांकी निकाली जाएगी और इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
जय हनुमान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला समिति के अध्यक्ष मणि भूषण सिंह और सचिव संजय कुमार सिन्हा उर्फ काजू ने बताया कि इस बार समिति का मंडप तमिलनाडु के श्रीविष्णु मंदिर की तर्ज पर विशाल स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। बंगाल और झारखंड के कलाकार मंडप निर्माण में जुटे हैं। मंडप के अंदर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के साथ धेनुकासुर वध और शेषनाग के बीच श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप की आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिलेगी। मंडप में विद्युत सज्जा भी बंगाल और झारखंड के कलाकारों द्वारा की जाएगी।
मेले में मनोरंजन के लिए तेघड़ा गौशाला परिसर, तेघड़ा प्रखंड कार्यालय परिसर और कांग्रेस कार्यालय परिसर में खेल मैदान व झूले लगाए जाएंगे। मेले की विशेष विद्युत सजावट बरौनी फ्लैग रेलवे स्टेशन से तेघड़ा कैंची मोड़ तक तथा तेघड़ा झंडा चौक से तेघड़ा रेलवे स्टेशन तक की जाएगी। इससे मेला क्षेत्र रात में भी रोशनी से जगमगाता रहेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
