Begusarai

बेगूसराय में 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आया बिजली मिस्त्री,पोल पर लटका

Begusarai News : जिले में एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है. नगर थाना क्षेत्र के नगर निगम चौक के पास बिजली पोल पर काम करने के दौरान एक बिजली मिस्त्री 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गया. करंट लगने के बाद वह काफी देर तक बिजली के तार पर ही लटका रहा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

घायल बिजली मिस्त्री की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि कृष्ण कुमार बिजली पोल पर चढ़कर 11 हजार वोल्ट के तार को जोड़ने का काम कर रहा था. इसी दौरान अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वह करंट की चपेट में आकर तार पर ही लटक गया.

 

दो साथियों ने रस्सी के सहारे नीचे उतारा

हादसे के बाद वहां मौजूद दो अन्य बिजली मिस्त्रियों ने साहस का परिचय दिया. दोनों बिजली पोल पर चढ़े और तार पर लटके कृष्ण कुमार की कमर में रस्सी बांधकर सावधानीपूर्वक उसे नीचे उतारा. इसके बाद घायल मिस्त्री को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

 

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखने को मिला. लोगों का आरोप है कि बिजली के तार की मरम्मत के लिए विभाग द्वारा मिस्त्री को भेजे जाने के बावजूद लाइन चालू कैसे हो गई, यह गंभीर लापरवाही का मामला है. लोगों ने कहा कि यदि बिजली विभाग के कर्मचारी ही लाइन ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े थे तो उस दौरान बिजली आपूर्ति बंद रहनी चाहिए थी.

 

जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि बिजली के तार की मरम्मत के दौरान करंट प्रवाहित होना गंभीर सुरक्षा चूक है. इस घटना ने बिजली कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।