समस्तीपुर:राष्ट्रीय कवि संगम के “वंदेमातरम कवि सम्मेलन” में देशभक्ति के रंग में रंगा सभागार
समस्तीपुर:होली मिशन हाई स्कूल में रविवार की देर संध्या राष्ट्रीय कवि संगम के बैनर तले “वंदेमातरम कवि सम्मेलन सह मिथिला विकास विमर्श” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और मिथिला के विकास के स्वर गूंजते रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय कवि संगम समस्तीपुर के जिलाध्यक्ष आचार्य विजयव्रत कंठ ने “जिस धरती पर जन्म हुआ है गीत उसी का गाना है, जन्मभूमि है स्वर्ग से बढ़कर मंत्र यही दुहराना है” का लयबद्ध काव्यपाठ किया, जिससे पूरा सभागार देशभक्ति के रंग में रंग गया।
उद्घाटन आगत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यालय के निदेशक डॉ. धर्मांश रंजन ने स्वागत भाषण में कहा कि राष्ट्रीय भावना के विकास में साहित्यकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मिथिला के सर्वांगीण विकास हेतु हर संभव प्रयास का संकल्प भी व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवि संगम के प्रांतीय अध्यक्ष प्रभाकर कुमार राय ने संस्था का उद्देश्य राष्ट्र जागरण और समाज सेवा बताया और कवियों से इसके लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।
काव्यपाठ की झलकियां:
– *शेफालिका झा* ने “पावन पुनीत है परंपरा प्रथम देश” गाकर तालियां बटोरीं।
– *विनोद कुमार हंसौड़ा* की मैथिली रचना “उठेबैं हाथ भारत पर त गट्टा मोड़ि देबो हम” पर श्रोता हंसते-हंसते लोटपोट हो गए।
– *आनंद मोहन झा* की “कभी इंकार लिखूंगा कभी स्वीकार लिखूंगा” पर सभी झूम उठे।
– *अमित मिश्र* ने “जाहि देश में जन्म भेल अछि तेकर मान बढाबी” से राष्ट्रभक्ति का शब्दचित्र खींचा।
– *राहुल भारद्वाज* ने “करो अब बंद दहशतगर्दी मेरे मुल्क में आकर के” से आतंकवादियों को चेताया।
– *कुमुद प्रसाद गिरि* ने “मत पूछो कौन हैं हम भारत की पहचान हैं हम” से राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाया।
– *उदय शंकर चौधरी नादान, विद्यासागर ब्रह्मचारी, प्रो. सत्यसंध भारद्वाज, रंजना लता, वैद्यनाथ रजक, विजय कुमार, अमरेश शिशिर* आदि ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
*प्रधानाचार्य अमृत रंजन* ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि छात्रों के बौद्धिक विकास के लिए ऐसे आयोजन समय-समय पर होने चाहिए। अवसर पर कवियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक *वंदेमातरम गायन* से हुआ।
मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
