बिथान में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने से दो दर्जन से अधिक लोग बीमार,मचा हड़कंप
समस्तीपुर।बिथान प्रखंड के उजान पंचायत अंतर्गत परड़ी गांव में गुरुवार की रात सत्यनारायण भगवान की पूजा का प्रसाद खाने के बाद 30 से अधिक लोगों के बीमार पड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। बीमारों में बच्चे, महिलाएं और वयस्क शामिल हैं। कई लोगों को उल्टी-दस्त, डायरिया और डिसेंट्री की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, परड़ी गांव निवासी राम सकल यादव के घर गुरुवार की रात सत्यनारायण भगवान की पूजा आयोजित की गई थी। पूजा संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद खाने के कुछ समय बाद ही कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। अचानक उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन अपने-अपने स्तर से बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे।
बिथान के बीडीओ बबलू कुमार ने बताया कि पूजा का प्रसाद खाने के बाद दो दर्जन से अधिक बच्चे एवं वयस्क फूड पॉइजनिंग से प्रभावित हुए हैं। करीब 30-40 मरीजों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिथान में इलाज चल रहा है। वहीं कुछ मरीजों को हसनपुर पीएचसी, रोसड़ा तथा निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमुद कुमार सिंह की देखरेख में बिथान सीएचसी में मरीजों का उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों की ओर से मरीजों को आवश्यक उपचार दिया जा रहा है और बताया की मरीजों की स्थिति कंट्रोल में है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस भी सक्रिय हो गई। सीओ रूबी कुमारी एवं बिथान थानाध्यक्ष राज किशोर राय समेत पुलिस पदाधिकारियों ने गांव और अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन प्रभावित परिवारों से भी घटना की जानकारी जुटा रहा है। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। प्रसाद खाने से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
