Samastipur

गुप्ता धाम में बड़ा हादसा,खाई में गिरने से 3 कांवरियों की मौत; 24 घंटे बाद शव बरामद

पटना।बड्डी थाना क्षेत्र के पनारी घाट से गुप्ता धाम जाने के रास्ते सोमवार की शाम पैर फिसलने से गहरी खाई में गिरकर तीन कांवरियों की मौत हो गई. मृतकों में भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के करथ गांव निवासी 50 वर्षीय मुमताज अंसारी तथा औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय शंभू मेहता और अमरपुरा गांव निवासी प्रयाग मेहता शामिल हैं. बड्डी और चेनारी पुलिस ने करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बरामद किया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

गुप्ता धाम जाने के दौरान खाई में गिरा भोजपुर का कांवरिया

गुप्ता धाम जाने के क्रम में सबसे पहले भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के करथ गांव निवासी 50 वर्षीय मुमताज अंसारी का पैर फिसल गया और वह पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में जा गिरा. आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने पनारी में तैनात पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर मुमताज के शव को बाहर निकाला. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

 

भीड़ में अनियंत्रित होकर खाई में गिरे दो कांवरिये

मुमताज के शव को परिजनों को सौंपने के बाद पुलिस को दो और कांवरियों के खाई में गिरने की सूचना मिली. औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय शंभू मेहता और अमरपुरा गांव निवासी प्रयाग मेहता भीड़ के कारण अनियंत्रित होकर उसी जगह खाई में गिर गए. शंभू मेहता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि प्रयाग मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को खाई से बाहर निकालने में काफी समय लग गया. इस दौरान प्रयाग मेहता की भी मौत हो गई.

 

पुलिस ने बरामद किए दोनों शव

बड्डी थानाध्यक्ष रामवृक्ष कुमार ने बताया कि मुमताज अंसारी के शव को परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं शंभू मेहता और प्रयाग मेहता के शव भी बरामद कर लिए गए हैं. मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा जा रहा है.

 

दूसरी सोमवारी पर गुप्ता धाम पहुंचे थे करीब तीन लाख श्रद्धालु

सावन की दूसरी सोमवारी पर पवित्र गुफा में जलाभिषेक के लिए करीब तीन लाख श्रद्धालु गुप्ता धाम पहुंचे थे. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण करमचट डैम, उगहनी घाट और पनारी घाट में अचानक भीड़ बढ़ गई. दूसरे जिलों और प्रदेशों से आने वाले अधिकतर श्रद्धालु पनारी घाट के रास्ते गुप्ता धाम जाना पसंद करते हैं. भीड़ बढ़ने के कारण श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर चढ़ाई के दौरान काफी परेशानी हुई.

 

बताया गया कि पनारी घाट के इस रास्ते में हर वर्ष खाई में गिरने से श्रद्धालुओं की मौत होती रही है. इसे लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से हर वर्ष चेतावनी भी जारी की जाती है. इसके बावजूद लापरवाही के कारण श्रद्धालु हादसों का शिकार हो जाते हैं.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!