तेघड़ा में निचले इलाकों में घुसा पानी, अंतिम संस्कार के लिए शव नाव से ले जा रहे लोग
बेगूसराय.तेघड़ा प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर पिछले दो-तीन दिनों से तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार रात करीब डेढ़ फीट पानी बढ़ने से रातगांव पंचायत के भगवानपुर चक्की पर के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है।आधारपुर पंचायत के अजगर बर के समीप गुप्ता बांध तक भी पानी पहुंच गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि से दियारा क्षेत्र के लोगों में बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है।
तेघड़ा के प्रसिद्ध अयोध्या मिथिला गंगा घाट तक जाने वाले रास्ते पर गुप्ता बांध के समीप पानी पहुंचने के कारण स्थानीय नाविकों ने नाव का संचालन शुरू कर दिया है।अब घाट पर शवों का दाह संस्कार करने पहुंचने वाले लोगों को गंगा घाट तक जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
महादेव घाट और बजलपुरा घाट के समीप भी गंगा का पानी गुप्ता बांध तक पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने से आसपास के निचले इलाकों में लगी फसलों पर संकट मंडरा रहा है।सैकड़ों एकड़ में लगी मक्का, जनेर और ढैचा की फसलें पानी में डूब गई हैं। बरौनी-2 पंचायत और निपनिया-मधुरापुर पंचायत के कई इलाकों में भी यही स्थिति बनी हुई है।
फसलें पानी में डूबने के बाद किसान मक्का और जनेर को काटकर पशुओं के चारे के रूप में उपयोग कर रहे हैं।किसानों का कहना है कि यदि जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो खेतों में लगी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो सकती हैं। इससे आने वाले दिनों में पशु चारे की भी भारी किल्लत की आशंका है।
रातगांव पंचायत के वार्ड 13 के सदस्य मो. इब्राइल, वार्ड 14 के सदस्य उदय महतो, तेघड़ा नगर परिषद वार्ड 15 के पार्षद प्रतिनिधि रोशन कुमार, वार्ड 26 के पार्षद प्रतिनिधि अमित कुमार, बरौनी-2 पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि देवराज सिंह, निपनिया-मधुरापुर पंचायत के मुखिया चंद्रभूषण सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता कुंदन सिंह ने प्रशासन से सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
