इंजीनियरिंग छात्र की मौत मामले में 9 छात्रों पर FIR:पिता ने हत्या का आरोप लगाया
समस्तीपुर।मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के अंदौर स्थित गोपलिया घाट के समीप 31 जुलाई को बाया नदी में डूबने से इंजीनियरिंग छात्र प्रिंस कुमार यादव की मौत हो गई थी।अब इस मामले में मृतक के पिता विपीन कुमार ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए रविवार को मोहिउद्दीननगर थाने में आवेदन दिया है।पुलिस ने आवेदन के आधार पर छह नामजद छात्रों सहित तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के नवादा पंचायत के शिबूटोल निवासी विपीन कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका इकलौता पुत्र प्रिंस कुमार सरायरंजन के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में पढ़ता था।
विपीन कुमार के अनुसार, 31 जुलाई को कॉलेज के कुछ छात्र प्रिंस को घुमाने के बहाने मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के अंदौर स्थित गोपलिया घाट के समीप बाया नदी किनारे ले गए थे।पिता ने आरोप लगाया है कि कॉलेज के छात्र गौतम गंभीर, निखिल कुमार, अंकित राज, अभिनव कुमार, नवीन कुमार और दीपक कुमार सहित तीन अज्ञात युवकों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत प्रिंस को नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना से पहले प्रिंस ने इन युवकों द्वारा मारपीट करने, प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी दिए जाने की जानकारी अपने पिता को दी थी।विपीन कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने परिचित राहुल कुमार के साथ मिलकर संबंधित छात्रों को समझाने का प्रयास भी किया था।
विपीन कुमार के अनुसार, उन्हें एक अज्ञात मोबाइल नंबर से घटना की सूचना मिली। इसके बाद वे परिजनों के साथ मोहिउद्दीननगर पहुंचे और जानकारी लेने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए, जहां प्रिंस को मृत पाया गया। पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में व्यस्त रहने के कारण थाने में आवेदन देने में विलंब हुआ।अपर थाना प्रभारी अन्नु सिंह ने बताया कि विपीन कुमार के आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 214/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
