ऑल इंडिया बीड़ी सिगार टुबैको वर्कर्स फेडरेशन का 13वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन दलसिंहसराय में शुरू
दलसिंहसराय,ऑल इंडिया बीड़ी सिगार टुबैको वर्कर्स फेडरेशन का 13वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन अब्दुल रउफ वैद्यनाथ चौधरी नगर, दलसिंहसराय में रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुरू हुआ.सम्मेलन के अवसर पर श्रमिकों ने शहर में रैली निकालकर श्रमिक अधिकारों,सम्मानजनक मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा की मांगों को बुलंद किया.राष्ट्रीय सम्मेलन के उपलक्ष्य में हीरालाल साह धर्मशाला से रैली निकाली गई.रैली भगत सिंह स्मारक पहुंची, जहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया.इसके बाद रैली थाना रोड होते हुए महात्मा गांधी एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं के स्थल पर पहुंची, जहां दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.इसके बाद रैली जिला परिषद डाक बंगला पहुंची.
यहां संगठन के राष्ट्रीय महासचिव के. विश्वनाथन की शहीद बेदी पर पुष्पांजलि अर्पित की गई.इसके उपरांत राष्ट्रीय सम्मेलन के खुले सत्र का विधिवत शुभारंभ हुआ.
खुले सत्र की अध्यक्षता स्वागत समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार समीर ने की,जबकि सम्मेलन का उद्घाटन एटक की राष्ट्रीय सचिव ऊषा साहनी ने किया.वक्ताओं ने बीड़ी उद्योग में कार्यरत लाखों श्रमिकों की मौजूदा परिस्थितियों, कम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा श्रम अधिकारों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया.
वक्ताओं ने कहा कि बीड़ी श्रमिक देश के असंगठित क्षेत्र के महत्वपूर्ण श्रमिक हैं,लेकिन लंबे समय से उन्हें उनके श्रम के अनुरूप सम्मानजनक मजदूरी और पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है.श्रमिकों के अधिकारों पर बढ़ते हमलों और श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ संगठन को मजबूत करते हुए व्यापक संघर्ष खड़ा करने की आवश्यकता है.सम्मेलन में न्यूनतम मजदूरी लागू करने, बीड़ी श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने, आवास एवं स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने, श्रमिक कल्याण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
भाकपा के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने दलसिंहसराय की पहचान और गौरव से जुड़ी सिगरेट फैक्ट्री के वर्षों से बंद रहने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया.संगठन के राष्ट्रीय महासचिव के. विश्वनाथन ने कहा कि बीड़ी उद्योग से जुड़े श्रमिक देश के सबसे मेहनतकश और उपेक्षित श्रमिक वर्गों में शामिल हैं.उनके श्रम से उद्योग चलता है,लेकिन उन्हें आज भी सम्मानजनक मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर जीवन की बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.सभा को भाकपा जिला मंत्री सुरेंद्र कुमार सिंह ‘मुन्ना’, उजियारपुर विधायक आलोक मेहता, विभूतिपुर विधायक अजय कुमार, एटक के राज्य महासचिव अजय कुमार,एटक के राज्य अध्यक्ष गजनफर नवाब, सरिता राय, रामविलास शर्मा, सुधीर कुमार देव, संजय कुमार, प्रयाग चंद मुखिया, अनिल कुमार, शंभू कुमार चौधरी, शंकर राम, दीपक कुमार धीरज, अर्जुन कुमार सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया.सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
