Samastipur

उजियारपुर: ग्रामीण सड़क अधूरी, संवेदक फरार:8 महीने से सड़क पर गिट्टी पड़ी,आंदोलन की चेतावनी

दलसिंहसराय.उजियारपुर प्रखंड के लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत टी-जीरो चार से महेशपट्टी पथ का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संवेदक सड़क पर गिट्टी बिछाकर लगभग आठ माह से काम बंद कर गायब है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

ग्रामीणों के अनुसार, कार्यस्थल पर न तो मजदूर दिखते हैं और न ही निर्माण एजेंसी का कोई प्रतिनिधि। स्थानीय ग्रामीण मोहम्मद परवेज आलम ने बताया कि निर्माण एजेंसी द्वारा लगाए गए बोर्ड पर कार्य शुरू करने की तिथि 28 अप्रैल 2025 और कार्य समाप्ति की तिथि 27 अप्रैल 2026 दर्शाई गई है। हालांकि, उनका कहना है कि निर्धारित अवधि समाप्त हुए लगभग तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन सड़क आज भी अधूरी है।सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है। सड़क पर हमेशा पानी जमा रहता है और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों सहित अन्य राहगीर अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोटें आती हैं।

 

मोहम्मद परवेज आलम ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा नहीं हुआ तो वे वरीय अधिकारियों से शिकायत करेंगे और आंदोलन पर भी विचार करेंगे। मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना का उद्देश्य गांवों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन लखनीपुर महेशपट्टी में यह योजना अधूरी रहने के कारण लोगों को सुविधा के बजाय परेशानी झेलनी पड़ रही है।

 

स्थानीय लोगों ने कार्यकारी एजेंसी और संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने, संवेदक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने और सड़क निर्माण कार्य को अविलंब पूरा कराने की मांग की है।इस संबंध में आधिकारिक जानकारी के लिए जब कार्यकारी एजेंसी, ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल दलसिंहसराय के कार्यपालक अभियंता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल नंबर नेटवर्क कवरेज क्षेत्र से बाहर होने के कारण उनका पक्ष नहीं जाना जा सका।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!