बिहार के 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:पटना में बादलों के बीच रहेगी तेज धूप
पटना.बिहार में मानसून की सक्रियता कमजोर है। इस वजह से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। विभाग ने आज राज्य के 23 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।इन जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
वहीं, राज्य के बाकी 15 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। दिनभर धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। पटना में बादलों की आवाजाही के बावजूद उमस और गर्मी बनी रहेगी।बीते 24 घंटे में नालंदा, जहानाबाद, बेगूसराय, औरंगाबाद, बगहा, अररिया और सुपौल में बारिश हुई। कई जिलों में बादल छाए रहे, हवा भी चली।
कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश, क्यों बदल रहा है मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार में इस समय मानसूनी ट्रफ की स्थिति बार-बार बदल रही है। इसके कारण वातावरण में नमी तो बनी हुई है, लेकिन पूरे राज्य में एक साथ व्यापक बारिश नहीं हो रही।दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ जाती है। इसके बाद स्थानीय स्तर पर बादल बनने लगते हैं और कई इलाकों में अचानक तेज बारिश, मेघगर्जन और तेज हवा चलने लगती है। यही वजह है कि मौसम कुछ ही घंटों में पूरी तरह बदल जाता है।
29-31 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29, 30 और 31 जुलाई के दौरान भी बिहार में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और तेज हवा चलने की संभावना रहेगी।हालांकि पूरे राज्य में व्यापक और लगातार बारिश के संकेत फिलहाल नहीं हैं। अधिकांश जिलों में बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बनी रह सकती है।
पटना में आज रहेगी उमस भरी गर्मी
राजधानी में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश या फुहार पड़ने की संभावना है। हालांकि, दिनभर उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। दोपहर के समय धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी, जबकि शाम के समय मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
