डॉक्टर ने जाति पूछी, छूने से मना किया:हाजीपुर में प्रसव के बाद महिला की मौत पर हंगामा
हाजीपुर में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों ने उनकी जाति देखकर इलाज नहीं किया और उनसे मोटी रकम वसूल ली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों की मांग है कि उन्हें मुआवजा दिया जाए और अस्पताल कर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए।सदर अस्पताल डीपीएम कुमार मनोज ने बताया कि निजी अस्पताल में मरीज की मौत की सूचना मिली है। महिला कब सदर अस्पताल पहुंची,
यहां से कब और किस हालात में गई, इसके लिए दो सदस्यीय टीम की ओर से जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक महिला की पहचान वैशाली थाना क्षेत्र के दाऊदनगर निवासी नरेश पासवान की पत्नी ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 27 जून को ज्योति को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इसी दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने बेहतर इलाज का भरोसा देकर उन्हें एक निजी अस्पताल भेज दिया। वहां ज्योति ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।इसके बाद मंगलवार सुबह अस्पताल ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। हालांकि, पटना ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन निजी अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार और नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।सिविल सर्जन द्वारा गठित जांच टीम ने भी निजी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। एसडीपीओ ने परिजनों को उचित न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
मृतका की बहन ने कहा कि जब प्रसव हो गया इसके बाद अस्पताल के डाक्टरों ने इलाज करने से पहले उनकी जाति पूछी।इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें छूने से मना कर दिया। बहन का कहना है कि इसी छूआछूत के चलते इलाज नहीं किया, जिससे उनकी बहन की मौत हो गई।
भाई बोला- अस्पताल कर्मियों ने 80 हजार वसूले
मृतका के भाई सुमन कुमार ने बताया कि निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनसे धीरे-धीरे 80 हजार रुपये वसूले गए। उन्होंने बताया कि यह ज्योति की दूसरी डिलीवरी थी। उनका पहले से 2 साल का एक बेटा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
