बिहार के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट: सूबे में अब तक 52 % कम बरसात
पटना.बिहार में मानसून अब भी सुस्त है। शनिवार को पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बारिश नहीं हुई, जिससे उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद बारिश होने के साथ तापमान में गिरावट आएगी। आज बिहार के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार को राज्य का अधिकतम तापमान 34.2 से 38.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे अधिक भभुआ में 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। 48 घंटे के बाद मानसून दोबारा सक्रिय होगा और राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।शनिवार तक राज्य में इस मानसून सीजन में मात्र 98.5 मिमी बारिश हुई है, जबकि 207.3 मिमी होनी चाहिए थी। यानी, बिहार में अब भी 52 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है।
पटना में अगले चार दिन तक छाए रहेंगे बादल
पटना में अगले 4 दिनों तक बादलों का असर बना रहेगा और बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती हैं। वहीं अधिकतक तापमान 36 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। जबकि, न्यूनतम पारा 30 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें। तेज हवा-आकाशीय बिजली चमके तो सुरक्षित भवन में शरण लें। बिजली गिरने की आशंका हो तो खेतों में काम करने से बचें।
बिहार में 40 के नीचे अधिकतम पारा
बिहार में इस वक्त अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे हैं। हालांकि उमस लोगों को परेशान कर रही है। शनिवार को सबसे गर्म भभुआ रहा। यहां 39 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा अधिकतम पारा रहा।इसके बाद करीब 5 जिलों में 38 डिग्री सेल्सियस के करीब तापमान रहा।
4 जुलाई को कैसा रहा मौसम…
बिहार में मानसून की एंट्री के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को सुपौल के नगर पंचायत निर्मली स्थित कन्या मध्य विद्यालय में उमस भरी गर्मी की वजह से 4 छात्राएं बेहोश हो गईं।बच्चियों की तबीयत बिगड़ते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने तत्काल उन्हें पास के निजी क्लिनिक में इलाज के लिए पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, बगहा में दोपहर 1 बजे बाद मौसम बदला और तेज बारिश हुई।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
