समस्तीपुर में जहर खाने से विवाहिता की मौत,जमीन खरीदने के लिए 10 लाख मांग रहे थे
समस्तीपुर के रोसरा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में एक विवाहिता की जहर खाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के अजय कुमार की पत्नी जुली कुमारी 22 वर्ष के रूप में की गई है। जूली की शादी पिछले साल मार्च में हुई थी।
जूली के भाई ने दहेज के लिए बहन की हत्या का आरोप ससुराल वालों पर लगाया है। घटना की सूचना पर रोसरा थाने की पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू करती है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घटना के संबंध में मृतक का भाई बेगूसराय जिले के खंजा गांव निवासी दीपक कुमार ने बतलाया कि उनकी बहन की शादी गत वर्ष मार्च महीने में उदयपुर के अजय कुमार के साथ हुई थी। शादी के वक्त 7 लाख नगद 10 भर सोना फर्नीचर आदि दिया गया था। उनकी बहन दाएं पैर से दिव्यांग है। सब कुछ जानने के बाद ससुराल वालों ने उसे अपनाया था।
उन्होंने कहा कि कुछ दिनों तक सब ठीक-ठाक रहा, लेकिन उसके बाद उसका बहनोई अजय कुमार के अलावा बहन के ससुराल वालों ने उसे तरह-तरह से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। दीपक ने बताया कि उसकी बहन हमेशा घर फोन कर बताती थी कि ससुराल वाले उसे नौकर से ज्यादा कुछ भी नहीं समझते।
मंगलवार को उनकी बहन ने फोन कर बताया कि उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जहर दे दिया है । इसके बाद घर परिवार के लोगों के साथ वह रोसरा पहुंचे अपनी बहन को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई पुलिस ने पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।उधर, पुलिस ने इस मामले में जूली के ससुराल पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लिया है जिसे पूछताछ की जा रही है।रोसरा थाना अध्यक्ष लाल बाबू कुमार ने बताया कि जहरीले पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत हुई है। शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ताकि ये स्पष्ट हो सके कि ये हत्या का मामला है या फिर आत्महत्या का।उन्होंने बताया कि जूली के परिवार वालों की ओर से हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
