समस्तीपुर शहर की लाइफ लाइन ओवरब्रिज आज से बंद:15 अगस्त तक मरम्मति का काम होगा;रूट चार्ट जारी
समस्तीपुर शहर की लाइफ लाइन ओवरब्रिज को सोमवार सुबह(6 जुलाई 2026) से अगामी 15 अगस्त तक के लिए बंद कर दिया गया है। करीब 75 साल पुराने इस ओवरब्रिज की स्थिति जर्जर हो गई है। जिस कारण पुल की मरम्मत की जानी है। दो भागों में बंटे शहर को एक करने वाले इस पुल पर आवागमन बंद होने से जाम की समस्या उत्पन्न होगी।ऐसे में जाम से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने नया यातायात रूट चार्ट बनाया है। इस पुल पर पैदल चलने की भी मनाही रहेगी। ताकि युद्ध स्तर पर कार्य हो सके। सदर एसडीओ दिलीप कुमार ने बताया कि सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। पुल पर वाहनों का आवागमन नहीं हो इसको लेकर दोनों ओर बैरियर लगाया गया है।
बेगूसराय और रोसड़ा की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए बस की व्यवस्था हाउसिंग बोर्ड मैदान में कर दी गई है। वैसे वाहन जो रोसड़ा की ओर से आएंगे और मुजफ्फरपुर की ओर जाना है, तो वह कन्हैया चौक से जितवारपुर बुल्लेचक रेलवे गुमटी पारकर महादेव चौक निकलेंगे। वहां से वह संत कबीर कॉलेज होते हुए मोहनपुर रोड में आ सकते हैं।इसके अलावा सीधा महादेव चौक से निकलकर एनएच-28 पर जा सकते हैं। कलेक्ट्रेट और मोहनपुर की ओर रहने वाले लोग जिन्हें समस्तीपुर कॉलेज, प्रखंड कार्यालय जाना है, वह अटेरन चौक रेलवे गुमटी होते हुए सोनेलाल ढाला, संत पॉल स्कूल होते हुए हसनपुर रोड में निकलेंगे।
ताजपुर रोड और धर्मपुर क्षेत्र के लोगों को बाजार की ओर जाना होगा तो वह धर्मपुर चौक होते हुए बाईपास सड़क पासवान चौक के पास निकलेंगे। वहां से मगरदही घाट होते हुए अंदर बाजार आ सकते हैं। कर्पूरी बस पड़ाव से मुजफ्फरपुर, पटना के लिए बस खुलेगी। दरभंगा के लिए बस की व्यवस्था मथुरापुर में की गई है।
ओवरब्रिज के बंद होने से रेलवे के अटेरन चौक रेलवे गुमटी पर जाम में वाहन फंसने की संभावना है जिसको देखते हुए रेलवे के साथ कोआर्डिनेशन बैठाया जाएगा। ट्रेन पास होने के बाद तुरंत रेलवे गुमटी को खोला जा सके, ताकि कम से कम लोग जाम में फंसे।सदर एसडीओ ने कहा कि सिंगल रूट सिस्टम लागू किया जा रहा है। लोग नियमों का पालन करें और जिला प्रशासन को सहयोग करें। ताकि किसी को भी दिक्कत ना हो। जल्द से जल्द मरम्मत का कार्य पूर्ण हो सके। सभी नए रूटों पर पुलिस बलों की भी तैनाती होगी, ता बाहर से आने वाले वाहन शहर में प्रवेश न करें। वह शहर के बाहर से ही अपने गंतव्य को चले जाएं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
