झारखंड नंबर ट्रक से 249 कार्टन विदेशी शराब बरामद,चालक गिरफ्तार
समस्तीपुर.मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जितवारपुर चौथ के पास मद्य निषेध विभाग ने 10 जुलाई को भारी मात्रा में विदेशी शराब लगा हुआ झारखंड रजिस्ट्रेशन नंबर का एक हाइवा ट्रक पकड़ा है। साथ ही चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद विदेशी शराब की मात्रा 249 कार्टन बताई गई है। गिरफ्तार चालक की पहचान भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के सुरंगापुर के संत कुमार राम के पुत्र मंतोष कुमार के रूप में बताई गई है। हाइवा ट्रक पर चार अलग-अलग ब्रांड का 2196.36 लीटर विदेशी शराब लदा हुआ था।
इसमें 180 एमएल का 49 कार्टन, 375 एमएल का 50 कार्टन, 180 एमएल 48 कार्टन, 750 एमएल 30 कार्टन, 180 एमएल 27 कार्टन और 375 एमएल का 45 कार्टन शामिल है। सभी विदेशी शराब फॉर सेल इन पंजाब ऑनली लिखा हुआ है। इस संबंध में मद्य निषेध अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम के उल्लंघन के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही परिवहन विभाग से वाहन मालिक का सत्यापन कर प्राथमिकी में उसका नाम लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चालक औरंगाबाद हाईवे से हाइवा ट्रक लेकर आया था।