घटहो के मुसापुर में ठनका गिरने से महिला और किशोर की मौत, एक गंभीर घायल
Samastipur News: घटहो थाना क्षेत्र के मूसापुर पंचायत अंतर्गत लगमा गांव में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग स्थानों पर एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर गंभीर रूप से झुलस गया. दोनों मृतकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल किशोर का निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है.जानकारी के अनुसार, लगमा गांव के वार्ड-13 निवासी अकलू राय का 14 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार और त्रिवेणी राय का 16 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार भुराहा चौर में मवेशियों के लिए चारा लाने गए थे. इसी दौरान तेज बारिश के बीच ठनका गिरने से रंजीत कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि छोटू कुमार गंभीर रूप से झुलस गया.ग्रामीणों ने घायल किशोर को तत्काल कांचा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है.
दूसरी घटना में महिला की भी मौत
इसी दौरान लगमा गांव में हुई दूसरी घटना में रायपुर बुजुर्ग पंचायत के महिषी टारा निवासी विपत सहनी की 40 वर्षीय पत्नी कारी देवी की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई.
पुलिस ने भेजा शव पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही घटहो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. डायल-112 की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची.
मुआवजे की मांग
घटना के बाद पंचायत समिति सदस्य जयप्रकाश राय, समाजसेवी विजय राय, पूर्व मुखिया देवेंद्र राय, पूर्व जिला पार्षद हरेराम सहनी और संजीव कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के परिजनों को शीघ्र सरकारी मुआवजा और अन्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि दोनों की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि नियमानुसार मृतकों के परिजनों को उपलब्ध कराई जाएगी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
