एसपी ने अंचल निरीक्षक कार्यालय दलसिंहसराय का किया निरीक्षण,दिया आवश्यक दिशा निर्देश
दलसिंहसराय।पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने शुकवार को अंचल निरीक्षक कार्यालय दलसिंहसराय का वार्षिक निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में अभिलेख, अपराध पंजी, और लंबित मामलों की पत्रावलियों की गहन जांच की और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए.निरीक्षण में एसपी ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का निपटारा जल्द और निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए.उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा कर जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में देरी हो रही है,उनका निष्पादन तय समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए.
अभिलेखों के रखरखाव पर एसपी ने कड़ा रुख अपनाया.उन्होंने रोकड़ बही, गुंडा पंजी, स्टेशन डायरी व अन्य रजिस्टरों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए.कार्यालय परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और पुलिस कर्मियों के वर्दी अनुशासन का भी निरीक्षण किया गया.अंचल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए एसपी ने रात्रि गश्त बढ़ाने, फरार आरोपियों व वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतत पुलिस उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के अंत में उन्होंने कहा कि कर्तव्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बेहतर प्रदर्शन करने वालों की सराहना की जाएगी.एसपी ने अंचल निरीक्षक को अधीनस्थ थानों का नियमित निरीक्षण करने तथा फरियादियों को त्वरित और सम्मानजनक सहायता देने के निर्देश दिए.निरीक्षण के समय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा,अंचल निरीक्षक पिंकी प्रसाद,उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, दलसिंहसराय थाना के अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
