आज का मौसम:बिहार के इन 13 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम।बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा, बादल गरजने और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की चेतावनी है. इस दौरान बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है.
किस-किस जिले में जारी किया गया येलो अलर्ट?
मौसम विभाग ने सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में येलो अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा कुछ जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है. जबकि कुछ जिलों में तेज धूप के साथ उमस वाली गर्मी जैसी स्थिति रह सकती है. लेकिन शाम-शाम तक कई इलाकों में बारिश की संभावना है.
राज्य में फिर एक्टिव होगा मॉनसून
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, दो-तीन दिनों के गैप के बाद पटना और आस-पास के इलाकों में एक बार फिर से मॉनसून एक्टिव होगा. उत्तर तटीय ओडिशा और सटे गंगीय पश्चिम बंगाल पर स्थित गहरा अवदाब पिछले 6 घंटे से बना हुआ है और लगभग 12 घंटे किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है. इससे अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है.
इसका प्रभाव अगले एक-दो दिनों में राज्य के अलग-अलग जिलों में दिखने लगेगा. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पटना सहित राज्य के अलग-अलग भागों में मेघगर्जन, वज्रपात के साथ कई जगहों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.
मंगलवार को कैसा रहा मौसम?
मंगलवार को तेज धूप और उमस से लोगों को परेशानी हुई. लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और शहर के कई इलाकों में तेज हवा के साथ लगभग 10 मिनट तक हुई बारिश के साथ चली ठंडी हवा से मौसम सुहावना होने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई.मंगलवार को पटना के अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री गिरावट के साथ 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बुधवार को भी शहर में बादल छाये रहने और बारिश होने की संभावना है. इससे लोगों को उमस से राहत मिल सकेगी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
