मनौरा गांव में 800 लीटर संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ बरामद,आरोपी फरार
मुजफ्फरपुर।कल्याणपुर.(मोतिहारी)थाना क्षेत्र के बखरी पंचायत अंतर्गत मनौरा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 800 लीटर संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया है. बरामद तरल पदार्थ से पेट्रोल जैसी गंध आ रही थी. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि मनौरा गांव में सस्ते दाम पर नकली एवं मिलावटी पेट्रोल-डीजल का अवैध कारोबार किया जा रहा है. इस धंधे के कारण वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सार्वजनिक सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो रहा था. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान धनंजय कुमार के घर की बाउंड्री के समीप से चार टीन के ड्रम बरामद किए गए.प्रत्येक ड्रम की क्षमता लगभग 200 लीटर बताई गई है. ड्रमों में कुल 800 लीटर तरल पदार्थ पाया गया. जिससे पेट्रोल जैसी तेज गंध आ रही थी. पुलिस के पहुंचते ही अवैध कारोबार से जुड़े आरोपी मौके से फरार हो गए.हालांकि पुलिस ने सभी ड्रमों को जब्त कर लिया है और बरामद पदार्थ के नमूने की जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है.
मौके से चार ड्रम में भरा लगभग 800 लीटर संदिग्ध तरल पदार्थ बरामद किया गया है.प्रथम दृष्टया यह पेट्रोलियम पदार्थ प्रतीत होता है. इसके नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पदार्थ पेट्रोल, डीजल अथवा कोई मिलावटी ईंधन है.उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने कहा कि अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
