मुढ़ी लदे ट्रक से 1,093 लीटर शराब बरामद: समस्तीपुर पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार किया
समस्तीपुर.खानपुर पुलिस ने मुढ़ी लदे एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कुल 1,093.54 लीटर शराब और बीयर जब्त की है।
ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुढ़ी से लदे एक ट्रक के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष शिव पूजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर ट्रक की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई।
कई ब्रांड की विदेशी शराब और बीयर जब्त
पुलis के अनुसार, बरामद खेप में मैकडॉवेल्स, एम्पायर ब्लू, ओल्ड हैबिट और ऑल सीजन सहित विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब शामिल है। इसके अलावा किंगफिशर और हार्वर्ड ब्रांड की बीयर भी जब्त की गई। कुल 793.54 लीटर विदेशी शराब और 300 लीटर बीयर बरामद हुई है।
राजस्थान निवासी आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में खानपुर थाना कांड संख्या 163/26 दर्ज किया गया है। बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए समीन नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वह राजस्थान के अलवर जिले के अमीननगर निवासी तैयब का पुत्र बताया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
थानाध्यक्ष शिव पूजन कुमार ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से बड़ी मात्रा में शराब की खेप जब्त कर तस्करी के प्रयास को विफल किया गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
