मौसम अपडेट:बिहार के 21 जिलों में आज बारिश का अलर्ट:अलग अलग जगहों पर बिजली गिरने से 2 की मौत
पटना.बिहार में मौसम का दोहरा रूप दिख रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। वहीं कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश हो रही है।मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी है, इसलिए अधिकांश जिलों में उम्मीद से कम बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने आज 21 जिलों में बारिश-आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है।विभाग ने अगले 48 घंटे में मौसम बदलने की संभावना जताई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
बीते 24 घंटे में मुजफ्फरपुर, लखीसराय सहित कई जिलों में बारिश हुई। वहीं अररिया में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ कैमूर सबसे गर्म जिला रहा। 8 जिलों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा।
19 जून से पूरे बिहार में बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 19 जून से पूरे बिहार में मौसम का असर व्यापक रूप से देखने को मिलेगा। उत्तर बिहार के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि दक्षिण बिहार के जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण और सीतामढ़ी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
20 जून को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
20 जून को भी राज्य में मौसम खराब बना रह सकता है। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों और दक्षिण बिहार में यलो अलर्ट जारी किया है।जबकि मध्य और पूर्वी बिहार के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान भागलपुर, बांका और जमुई में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
