विद्यापतिधाम मंदिर न्यास समिति की बैठक,आगामी श्रावणी मेले को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार
दलसिंहसराय,श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम मंदिर न्यास समिति की द्वितीय त्रैमासिक बैठक शनिवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ सह समिति अध्यक्ष किशन कुमार की अध्यक्षता में हुई.बैठक में मंदिर विकास,श्रद्धालुओं की सुविधाओं,सुरक्षा व्यवस्था और आय-व्यय की समीक्षा की गई.कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज ने पिछले 10 माह का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि चढ़ावा, विवाह, मुंडन एवं अन्य स्रोतों से मंदिर को 12 लाख 93 हजार 730 रुपए की आय हुई है.वहीं ऑनलाइन माध्यम से श्रद्धालुओं ने 94 हजार 39 रुपए का दान दिया.
मंदिर के जीर्णोद्धार और विकास कार्यों पर अब तक 10 लाख 31 हजार 699 रुपए से अधिक खर्च किए गए हैं.इस राशि से मुख्य गर्भगृह में ग्रेनाइट पत्थर लगाने, पांच छोटे मंदिरों में टाइल्स बिछाने, हवनकुंड का सौंदर्यीकरण, पेयजल व्यवस्था, स्नानघर, कपड़ा बदलने के कक्ष, पानी की टंकी और जनरेटर की खरीद जैसे कार्य किए गए हैं.बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद,पटना की ओर से मंदिर विकास के लिए 20 लाख रुपए की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है.वर्तमान में मंदिर के बैंक खाते में 20 लाख 94 हजार 39 रुपए उपलब्ध हैं, जिन्हें विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा.
वही आगामी श्रावणी मेले को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई.मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया.साथ ही बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर सहमति बनी.एसडीओ किशन कुमार ने कहा कि विद्यापतिधाम क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन एवं न्यास समिति की प्राथमिक जिम्मेदारी है.बैठक में बीडीओ महताब अंसारी, न्यास समिति के उपाध्यक्ष मणिकांत सिंह, सदस्य हरिओम गिरि, कैलाश पासवान, संजय कुमार ठाकुर, प्रवीण गिरि, दीनदयाल गिरि समेत संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
