राष्ट्रीय रैंकिंग में चमका पूसा समस्तीपुर, देश के टॉप-10 कृषि विश्वविद्यालयों में बनाई जगह
समस्तीपुर। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट पहचान दर्ज कराई है। इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (आईआईआरएफ) 2026 की रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने देश के कृषि विश्वविद्यालयों में आठवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में उसे 11वीं रैंक हासिल हुई है।
केंद्रीय विश्वविद्यालयों में मजबूत स्थिति
आईआईआरएफ की ताजा रैंकिंग में देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों के बीच पूसा विश्वविद्यालय ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इस सूची में पहली रैंक जेएनयू, नई दिल्ली को मिली है, जिसका ओवरऑल स्कोर 987.50 रहा।
वहीं, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय को 971.59 अंक प्राप्त हुए हैं। दूसरे स्थान पर दिल्ली विश्वविद्यालय रहा, जिसका स्कोर 985.74 अंक दर्ज किया गया।
तीन वर्षों से लगातार बेहतर प्रदर्शन
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय पिछले तीन वर्षों से राष्ट्रीय रैंकिंग में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और संविदाकर्मियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
सामूहिक प्रयास से मिली सफलता
कुलपति ने कहा कि जब किसी संस्थान का लक्ष्य स्पष्ट होता है और उसे हासिल करने के लिए सभी लोग एकजुट होकर कार्य करते हैं, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क और समर्पण की मिसाल है।”
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
