समस्तीपुर:विवाहिता की मौत,शरीर पर जख्म के निशान:भाई बोला- पति का भाभी से अफेयर था
समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के नोनिया टोला में एक 21 साल की विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला है। मृतका की पहचान नोनिया टोला निवासी विजय कुमार की पत्नी प्रिया देवी (21) के रूप में की गई है।
घटना का पता तब चला जब कमरे के अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की उपस्थिति में बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है।
मृतका के परिजनों ने जमकर हंगामा किया
घटना के बाद सदर अस्पताल में मृतका के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान मृतका की ननद के साथ मारपीट का भी प्रयास किया गया।पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में, खानपुर से आई दोनों महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करते हुए उनके घर भेजा गया।
भाभी से अवैध संबंध का करती थी विरोध
मृतका के ममेरे भाई विकास कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि हाजीपुर के देवरिया गांव निवासी बिरजू महतो की बेटी प्रिया कुमारी की शादी 3 साल पहले खानपुर थाना क्षेत्र के नोनिया टोला निवासी विजय कुमार के साथ हुई थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया गया था। दंपती का एक डेढ़ साल का बेटा भी है।
परिजनों का आरोप है कि विजय कुमार का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध था, जिसका प्रिया लगातार विरोध करती थी। इसी बात को लेकर उसके साथ अक्सर मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।परिवार वालों का कहना है कि इस विवाद को लेकर गांव में चार-पांच बार पंचायत भी हो चुकी थी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
मृतका के भाई ने बताया कि घटना से एक दिन पहले प्रिया ने पड़ोसी के मोबाइल फोन से अपने मायके संपर्क किया था। उसने खानपुर के सरपंच का मोबाइल नंबर मांगा था और बताया था कि उसे ससुराल में काफी परेशान किया जा रहा है और उसके साथ मारपीट भी की गई है।परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना के कारण उसकी जान गई है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। खानपुर थाना में तैनात पुलिस पदाधिकारी लाल बाबू कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय घर का कमरा अंदर से बंद था और एक छोटा बच्चा कमरे के अंदर रो रहा था।
ग्रामीणों की उपस्थिति में दरवाजा तोड़ा गया, जिसके बाद प्रिया का शव लाल रंग की ओढ़नी के सहारे पंखे से लटका मिला। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के अनुसार मृतका का पति विजय कुमार और उसका भाई अनाज खरीद-बिक्री का काम करते हैं।घटना के समय घर में कोई अन्य परिजन मौजूद नहीं था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
खानपुर थानाध्यक्ष शिवपूजन कुमार ने बताया कि घर के अंदर से फंदे पर लटका विवाहिता का शव बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन दिए जाने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
