समस्तीपुर DM ने किया एनपीएस जागरूकता कार्यक्रम शुभारंभ
समस्तीपुर :जिले में यूनियन बैंक आफ इंडिया, समस्तीपुर (लीड बैंक) और पेंशन निधि विनियामक व विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के संयुक्त सहयोग से ‘बीज एनपीएस का, फसल पेंशन की’ विषय पर वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. शुभारंभ जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि एक छोटी सी बचत से अपना कल सुरक्षित कर सकते हैं. आज के बदलते सामाजिक ढांचे में जहां परिवार छोटे हो रहे हैं और खर्च बढ़ते जा रहे हैं, वहीं हर व्यक्ति को वृद्धावस्था की तैयारी खुद करनी पड़ती है. खेती या छोटे कारोबार की आमदनी मौसम व बाजार की परिस्थितियो पर निर्भर रहती है, जबकि एनपीएस जीवनभर की स्थायी व भरोसेमंद आय देता है. यही इसे किसानों और असंगठित क्षेत्र के लाखों परिवारों के लिये भविष्य का मजबूत सहारा बनाता है. इसी उद्देश्य से यूनियन बैंक आफ इंडिया, समस्तीपुर (लीड बैंक) और पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के संयुक्त सहयोग से शुक्रवार को ‘बीज एनपीएस का, फसल पेंशन की’ विषय पर वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया.
आयोजित इस कार्यशाला का पीएफआरडीए के उप महाप्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, नाबार्ड के डीडीएम अभिनव कृष्णा, अग्रणी जिला प्रबंधक प्रसिद्ध कुमार झा, यूनियन बैंक आफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख प्रेम रंजन कुमार, स्टेट बैंक आफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख दीपक कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम के दौरान डाक्यूमेंट्री के माध्यम से पीएफआरडीए की यात्रा और पेंशन के लाभ विस्तार से बताये गये.
इसके अलावा कार्यक्रम में मौजूद किसानों, एफपीओ सदस्य, ग्रामीण कारीगरों, कृषि संबद्ध क्षेत्र के श्रमिकों और छोटे उद्यमियों को एनपीएस के लाभ और उसमें निवेश के तरीके बताएं गये. कार्यक्रम मे बताया गया कि सरकार अब एफपीओ, सीएससी को पेंशन एजेंट के रुप में नियुक्त किया जायेगा और इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर तक पेंशन योजना पहुंचाएंगे, इसके लिये प्रति एफपीओ, सीएससी को 100 रुपये का प्रोत्साहन भी दिया जायेगा. इस कार्यक्रम में बताया गया कि वात्सल्य योजना द्वारा बच्चों के भी भविष्य को पेंशन सुरक्षा के दायरे में लाया जा सकता है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
