दलसिंहसराय समर आर्ट कैंप के छठे दिन कला,संस्कृति और रचनात्मकता का दिखा अनूठा संगम
दलसिंहसराय। विजुअल आर्ट फाउंडेशन व कला एवं संस्कृति विभाग, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क सात दिवसीय समर आर्ट कैंप का छठा दिन कला, संस्कृति और रचनात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा। विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञ कलाकारों के मार्गदर्शन में बच्चों ने अपनी प्रतिभा को नए आयाम दिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी
किशन कुमार उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रो. मधुलिका सिन्हा, वार्ड संख्या-05 की वार्ड पार्षद इसरत जहां, संत कबीर हॉस्पिटल के निदेशक राज कुमार एवं व्यवसायी धर्मेंद्र साहू ने शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ योगाचार्य शंकर पोद्दार के नेतृत्व में योगाभ्यास के साथ हुआ। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच एवं अनुशासित जीवन के महत्व की जानकारी दी।
रंगमंच प्रशिक्षण सत्र में प्रख्यात फिल्म अभिनेता अमीय कश्यप, अब्दुल्ला निजामी, मनोज कुमार, आकाश कुमार एवं विशाल शर्मा ने अभिनय कला की बारीकियों से प्रतिभागियों को परिचित कराया। कलाकारों ने मंच पर अभिव्यक्ति, संवाद अदायगी, चरित्र निर्माण तथा आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया।मूर्तिकला वर्ग में अररिया से पधारे वरिष्ठ मूर्तिकार श्री राजेश कुमार ने बच्चों को पुरानी प्रतिमाओं से मोल्ड तैयार कर एक से अधिक मूर्तियों के निर्माण की तकनीक सिखाई। साथ ही मिट्टी से आकर्षक मुखौटे बनाने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
चित्रकला के वरिष्ठ वर्ग में प्रसिद्ध चित्रकार मोहम्मद सुलेमान ने बच्चों को बिहार की विश्वप्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग की शैली, परंपरा और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। वहीं जूनियर वर्ग के प्रशिक्षुओं को चित्रकार नेहा प्रियदर्शी एवं सुदर्शन कुमार ने रेखांकन, ड्राइंग और रंगों के समन्वय की मूलभूत तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया।कथक नृत्य सत्र में युवा कलाश्रम, समस्तीपुर के कथक कलाकार अर्पण कुमार एवं बैजू कुमार ने प्रशिक्षुओं को गुरु वंदना, तीनताल के विभिन्न टुकड़ों तथा मिथिला के लोकप्रिय लोकनृत्य ‘झिझिया’ की विशेषताओं से अवगत कराया।
संस्था के अध्यक्ष उत्सव जायसवाल ने बताया कि समर आर्ट कैंप का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें कला एवं संस्कृति की समृद्ध विरासत से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव प्रकाश, उपाध्यक्ष संतोष कुमार, उपकोषाध्यक्ष चंदन जायसवाल, सचिव सज्जन कुमार, मनीष बरनवाल, व्यवस्थापक जिगर गुप्ता, मीडिया प्रभारी शैलेश कुमार, सदस्य सपन जी, आलमगीर अंसारी, उज्ज्वल जायसवाल सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
