चाइल्ड क्लिनिक को प्रशासन ने किया सील,भारी मात्रा में दवाइयां,उपकरण जब्त, एक हिरासत में
मोतिहारी। चकिया।अनुमंडल प्रशासन ने शुक्रवार को अवैध नर्सिंग होम पर फिर एक बार बड़ी कार्रवाई की है.स्थानीय ब्लाक गेट के सामने स्थित नवजीवन चाइल्ड क्लिनिक को प्रशासन ने सील कर दिया है.प्रशासन को शिकायत मिली थी कि वहां बिना वैधता नवजात शिशुओं का इलाज किया जा रहा है.जिसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी शिवानी शुभम के नेतृत्व में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उक्त हास्पिटल को सील कर दिया.छापेमारी के दौरान संचालक सहित अन्य कर्मी पिछले दरवाजे से भागने में सफल रहे.इस दौरान प्रशासन ने एक कर्मी को हिरासत में लिया है.
इस बाबत अनुमंडलाधिकारी शिवानी शुभम ने बताया कि यहां बिना वैधता नवजात शिशुओं का इलाज किया जा रहा था.चार नवजात को यहां से सदर अस्पताल मोतिहारी इलाज के लिए भेजा गया है.प्रशासन ने वहां से एक कर्मी को भी हिरासत में लिया है.हास्पिटल से जुड़े बाकी पिछले दरवाजे से भाग गए हैं.इलाजरत शिशुओं के अभिभावकों ने बताया है कि उनसे बीस-बीस हजार रुपए तक की राशि ली गई है.प्रशासन ने वहां मौजूद इनक्यूबेटर,आक्सीजन सिलेंडर अन्य उपकरण व भारी मात्रा में दवाइयां जब्त की है.पूरे हास्पिटल को सील कर दिया गया है.
वहां मौजूद प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर डॉ रविरंजन कुमार तथा वहां कार्यरत सभी पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.छापेमारी में अनुमंडलीय अस्पताल प्रभारी डॉ चंदन कुमार, पुलिस पदाधिकारी व स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कर्मी शामिल थे.प्रशासन की इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही अनुमंडल मुख्यालय में चलने वाले ऐसे अवैध नर्सिंग होम व अल्ट्रासाउंड संचालकों में हड़कंप मच गया.कुछ ही देर में ऐसे सभी जगहों का शटर बंद हो गया.बताते चलें कि अनुमंडल में काफी संख्या में ऐसे झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा अवैध रूप से मरीजों का इलाज किया जा रहा है.जिसके कारण आए दिन घटनाएं होती रहती है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
