तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा,मां और बेटे की हुई मौत
बेतिया।लोहियरिया-कैथवलिया मार्ग स्थित पड़ूंकिया गांव के समीप गुरुवार की देर संध्या हुए सड़क हादसे में मां और उसके 18 माह के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं चार वर्षीय बेटी घायल हो गई। हादसे में महिला के पति बाल-बाल बच गए। मृतका की पहचान शुक्ला टोला निवासी दीपू यादव की पत्नी सुरुचि देवी के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार दीपू यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ लखौरा पंचायत के नवका टोला स्थित अपनी पत्नी की फुआ के घर श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटने के दौरान परिवार वापस अपने घर शुक्ला टोला जा रहा था।
इसी क्रम में पड़ूंकिया गांव के पास तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सुरुचि देवी और उनके 18 माह के बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय बेटी घायल हो गई।दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। घटना से नाराज ग्रामीण ट्रक चालक और मालिक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटी रही। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।