Samastipur

समस्तीपुर में ट्रक से 181 लीटर शराब बरामद:गिट्टी की आड़ में लाई जा रही थी शराब

समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिट्टी लदे एक 16 चक्का ट्रक से 181.56 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में दो शराब तस्करों, चालक और वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

शिवाजीनगर थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि दहियार गांव निवासी सचिन कुमार और उनके साले सूरज कुमार, चालक रामाशीष मंडल के साथ मिलकर झारखंड से गिट्टी की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप मंगवा रहे हैं। यह शराब सिंघिया-बहेड़ी पथ के रास्ते लाकर आसपास के क्षेत्रों में खपाने की योजना थी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी प्रवीण कुमार, नीतीश कुमार और अंबिका सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कमहिया चौक पर नाकेबंदी की। देर रात करीब दो बजे पुलिस ने गिट्टी लदे संदिग्ध 16 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली।

 

तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में सीट के नीचे और पीछे बने गुप्त तहखानों के साथ-साथ सीट के ऊपर बने बॉक्स से विभिन्न ब्रांडों की कुल 181.56 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक को जब्त कर लिया।

 

जब्त किए गए ट्रक का नंबर BR09PB1722 है। छापेमारी के दौरान चालक और अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

 

इस मामले में दहियार निवासी सचिन कुमार (32 वर्ष), उनके पिता हरेराम मंडल, सूरज कुमार (30 वर्ष), उनके पिता शत्रुधन मंडल, दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र निवासी चालक रामाशीष मंडल, ट्रक मालिक और अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस के अनुसार, सचिन कुमार और सूरज कुमार के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!