दलसिंहसराय में लगे शिविर में 145 मामलों का मौके पर निपटारा,158 शिकायतें पहुंचीं सहयोग शिविर में
दलसिंहसराय,आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार को पांड पंचायत,दलसिंहसराय और नाजिरपुर हाट,उजियारपुर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया.शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं.कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भवन निर्माण विभाग,बिहार सरकार के सचिव सह समस्तीपुर के प्रभारी सचिव प्रणव कुमार थे.उनके साथ जिलाधिकारी समस्तीपुर रौशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
अपने संबोधन में अधिकारियों ने आमजन से सहयोग पोर्टल का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने की अपील की.प्रभारी सचिव प्रणव कुमार ने कहा सहयोग पोर्टल नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह निवारण का प्रभावी माध्यम है.इस पर दर्ज आवेदनों का निष्पादन सामान्यतः एक माह के भीतर किया जाता है.अधिकारियों ने बताया कि सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद मजबूत करना तथा समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी समाधान करना है.शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई.जिन आवेदकों के मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन हो चुका था,उन्हें मंच से प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. इससे अन्य लोगों का भी पोर्टल के प्रति भरोसा बढ़ा.इस अवसर पर एसडीओ किशन कुमार, डीएसपी विवेक कुमार शर्मा,बीडीओ राजीव कुमार,रवि रंजन सहित डॉक्टर डीएन सिंह,डॉक्टर अजीत कुमार सिंह,मुखिया सुनीता कुशवाहा,प्रमोद कुमार सिंह,लक्ष्मी नारायण सहित सभी विभागों के प्रखंड व जिला स्तरीय पदाधिकारियों,कर्मियों और सैकड़ों की संख्या में आम नागरिक मौजूद थे.