विभूतिपुर पंसस व बीडीओ में हुई भिडंत,समर्थको ने किया तोड़फोड़,पहुंची पुलिस
समस्तीपुर: विभूतिपुर प्रखंड मुख्यालय पर सोमवार को तनावपूर्ण माहौल बन गया. कारण यह था कि पंचायत समिति के एक सदस्य ने बीडीओ सुनील कुमार से कथित तौर पर गाली-गलौज की और उनके समर्थकों ने प्रखंड कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी. इस दौरान कई सरकारी दस्तावेज़ और फाइलें क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना की पुष्टि स्वयं बीडीओ सुनील कुमार ने की है. घटना के अनुसार, पंचायत समिति सदस्य के समर्थक बड़ी संख्या में प्रखंड कार्यालय पहुंचे. वहां उन्होंने नारेबाजी की और कार्यालय परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी. समर्थकों ने फर्नीचर, कुर्सियां, टेबल उखाड़े और सरकारी कागजातों की फाइलों को फाड़ा-बिखेरा. कई महत्वपूर्ण दस्तावेज क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होने की आशंका है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिसकर्मी पूरे समय मूकदर्शक बने रहे. उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया. बाद में कुछ प्रमुख समर्थकों ने बल प्रयोग कर भीड़ को शांत कराया और मामले को बढ़ने से रोका.
घटना में एक स्थानीय यूट्यूबर पर भीड़ को भड़काने का आरोप लगा है. पंचायत समिति सदस्य पर बीडीओ सुनील कुमार के साथ अभद्रता और गाली-गलौज करने का आरोप है. प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों ने इस घटना पर गंभीर आपत्ति जताई है. कर्मचारियों की बैठक के बाद पुलिस को लिखित आवेदन देने का फैसला लिया गया है, जिसमें मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी. बीडीओ सुनील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरी वारदात की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है. उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय में इस तरह की घटना निंदनीय है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक एफआईआर दर्ज करने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन प्रखंड कर्मचारियों के आवेदन के बाद कार्रवाई शुरू होने की संभावना है. स्थानीय लोगों में मिश्रित प्रतिक्रियाएं हैं। कुछ लोग पंचायत समिति सदस्य के समर्थन में हैं, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि दिलीप नारायण सिंह ने कहा कि उनके कार्यकाल में आराजकता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्रखंड के अधिकारी एवं कर्मचारी की सुरक्षा का ख्याल रखना भी उनकी जिम्मेदारी है. आरोपी पंचायत समिति सदस्य प्रदीप कुमार दबाव बनाकर गलत योजना का भुगतान कराना चाहते हैं. इसी कारण आज महिलाओं को गुमराह कर आज प्रखंड कार्यालय पहुंच इस तरह की घटना को अंजाम दिया है. हालांकि पंसस प्रदीप कुमार बीडीओ पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए आज की घटना को राजनीति से प्रेरित बताया है.
घटना के बीच पहुंचे भाजपा नेता अरविंद कुमार कुशवाहा ने कहा कि भुसवर के कुछ लोग अपनी समस्याओं को लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे. इस बीच माहौल को किस स्तर से बिगड़ा गया. उनके स्तर से जानकारी इकट्ठा की जा रही है. माकपा के अंचल मंत्री सह पंसस मिथिलेश सिंह ने भी घटना की निंदा की है. इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पुलिस को आवेदन की प्रतीक्षा है ताकि अग्रतर कार्रवाई किया जा सके.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
