समस्तीपुर में राजद के पूर्व विधायक से मिल दुबई जेल में बंद मजदूर की पत्नी ने मांगी मदद
समस्तीपुर.मजदूर दिवस के अवसर पर समस्तीपुर में एक महिला ने अपने पति की रिहाई की गुहार लगाई है। इसके लिए वो राजद के पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन के पास पहुंची। महिला का पति दुबई की फुजिरा जेल में बंद है।कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भागीरथपुर गांव निवासी 28 साल का मोहम्मद उजाले को दुबई में ड्रग्स सप्लाई के आरोप में फुजिरा जेल में बंद किया गया है। उजाले की पत्नी रोजी परवीन अपनी सास रिजवाना खातून के साथ पूर्व विधायक के आवास पर पहुंचीं।
मां ने पकड़ा विधायक का पैर
मां रिजवाना खातून ने पूर्व विधायक के पैर पकड़कर अपने बेटे की रिहाई की मांग की। पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने रोजी परवीन और रिजवाना खातून से मोहम्मद उजाले के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की।जानकारी लेने के बाद शाहीन ने उजाले को जेल से निकलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मोहम्मद उजाले एक गरीब परिवार से हैं और एक एजेंट ने उन्हें अच्छी नौकरी का झांसा देकर विदेश भेजा था। काम न करने पर एजेंट ने उन पर ड्रग्स सप्लाई का आरोप लगाकर जेल भिजवा दिया।
पूर्व विधायक ने रोजी परवीन और रिजवाना खातून को उजाले की रिहाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने ऐसे एजेंटों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जो भोले-भाले मजदूरों को बेहतर नौकरी का झांसा देकर विदेश में बेच देते हैं।पूर्व विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवार को आश्वासन दिया कि सभी जरूरी कागजात इकट्ठा किए जाएं, ताकि इस मामले को भारत सरकार और संबंधित एंबेसी तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ी तो देश-विदेश के संबंधित मंत्रालयों और दूतावास से संपर्क कर उजाले की रिहाई के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
वहीं, परिवार की आर्थिक स्थिति भी लगातार बिगड़ती जा रही है। घर चलाने का कोई स्थायी साधन नहीं है और बड़ा भाई मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। ऐसे में पूरा परिवार अपने बेटे की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है और सरकार से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
