दहेज के लिए विवाहिता की हत्या,पति व ससुर हिरासत में
पटना।मोतिहारी।कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वृंदावन पंचायत के परसौनी गांव में 26 वर्षीय विवाहिता रुचि कुमारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की मां ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है.पुलिस ने मामले में मृतका के पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.मृतका की मां पिपरा थाना क्षेत्र के कुड़िया गांव निवासी सियापति देवी ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर बताया है कि उन्होंने अपनी पुत्री रुचि कुमारी की शादी हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार परसौनी गांव निवासी रूपनारायण सिंह के पुत्र शैलेश सिंह से की थी. शादी के दौरान उपहार स्वरूप सोना-चांदी के गहने, कीमती कपड़े, बर्तन, बिछावन, फर्नीचर समेत नगद पांच लाख रुपये दिए गए थे. शादी के बाद रुचि को एक पुत्र एवं एक पुत्री भी हुए. जिनकी उम्र चार वर्ष और दो वर्ष बताई गई है.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे.मोटरसाइकिल, सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर रुचि के साथ लगातार मारपीट एवं प्रताड़ना की जाती थी. इस विवाद को लेकर पूर्व में पंचायत भी कराई गई थी.लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ.मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि शनिवार की रात पति शैलेश सिंह, ससुर रूपनारायण सिंह, सास, संगीता कुमारी, मनोरमा देवी, नीलू कुमारी तथा गांव के ही जगदीश साह ने सुनियोजित साजिश के तहत उनकी पुत्री की मारपीट कर हत्या कर दी.घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने बताया कि मृतका के पति शैलेश सिंह एवं ससुर रूपनारायण सिंह को हिरासत में लिया गया है.मामले में आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
