बेटी की याद में पिता ने घर में बनवाया स्मारक, भावुक कर रही यह कहानी
पटना. खगरिया.गोगरी प्रखंड के बड़ी मलिया गांव में एक पिता का अपनी दिवंगत बेटी के प्रति प्रेम और श्रद्धा इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव निवासी बेचन मुनि ने अपनी इकलौती 14 वर्षीय पुत्री रौशन के आकस्मिक निधन के बाद उसकी यादों को जीवित रखने के लिए उसकी प्रतिमा बनवाकर घर में स्मारक के रूप में स्थापित किया है। इस प्रतिमा को मूर्तिकार पुलकित शर्मा ने बेहद जीवंत तरीके से तैयार किया है।
प्रतिमा को देखकर ग्रामीण भावुक हो रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि प्रतिमा इतनी वास्तविक लगती है मानो उसमें सिर्फ सांसें ही बाकी हों। बताया जाता है कि बेचन मुनि अपनी बेटी से बेहद स्नेह करते थे। उसके निधन के बाद भी उन्होंने उसे अपने दिल से दूर नहीं होने दिया। वे प्रतिदिन प्रतिमा के सामने पूजा-पाठ कर उसे श्रद्धा से याद करते हैं। पिता के इस अटूट प्रेम और भावनात्मक जुड़ाव को देखकर गांव के लोग भी भावुक हैं। वहीं खगड़िया जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार ने मूर्तिकार पुलकित शर्मा की कला की सराहना करते हुए कहा कि यह खगड़िया जिले के लिए गर्व की बात है।