डीएम बोले- 18 मई तक आपत्ति,पुराने परिसीमन पर ही होगा पंचायत चुनाव
समस्तीपुर में पंचायत चुनाव पुराने परिसीमन के ही आधार पर ही होगा। साल 2011 की जनगणना के अनुसार ही जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य और पंच के क्षेत्रों का निर्धारण कर दिया गया है। सूची का प्रकाशन भी सभी प्रखंड स्तर पर कर दिया गया है इसके लिए आने वाले 18 मई तक दावा आपत्ति ली जाएगी।
मंगलवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि मुखिया, सरपंच, पंच, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्य से संबंधित दावा आपत्ति प्रखंड विकास पदाधिकारी के पास दिया जा सकेगा। जबकि जिला परिषद से संबंधित संबंधित दावा आपत्ति एसडीओ के यहां ली जाएगी। वहीं एसडीओ से संबंधित दावा आपत्ति जिला अधिकारी के यहां दिया जा सकेगा।
दावा आपत्ति को लेकर भी अपील का प्रावधान
डीएम ने कहा कि इसमें दावा आपत्ति को लेकर भी अपील का प्रावधान किया गया है। 21 मई तक लोग अपील कर सकेंगे। उन्होंने कहा की प्रखंड विकास पदाधिकारी से संबंधित अपील एसडीएम के कार्यालय में और एसडीएम से संबंधित अपील डीएम के कार्यालय में दिया जा सकेगा।समस्तीपुर में 4689 वार्ड सदस्य, व पंच के पद हैं। 346 मुखिया व सरपंच के पद हैं, 476 पंचायत समिति के सदस्य के लिए चुनाव होगा। वहीं 51 जिला परिषद सदस्यों के पदों के लिए चुनाव होगा।
उन्होंने कहा की दावा आपत्ति निपटाने के बाद 5 जून को इसका प्रकाशन होगा और 9 जून को फाइनल प्रकाशन किया जाएगा। इससे पहले अगर लोगों को लगता है कि कहीं कोई गड़बड़ी है और दिक्कत है तो तुरंत दावा आपत्ति दें।डीएम ने कहा कि अभी आरक्षण को लेकर निर्णय नहीं लिया गया है। आने वाले दिनों में महिला आरक्षण, दलित और महादलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा आरक्षण को लेकर भी सूची प्रकाशित की जाएगी।
2011 की जनगणना के अनुसार ही यह चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई है। क्योंकि अभी जनगणना का काम शुरू हुआ है, जो 2027 में समाप्त होगा ।इसलिए अभी पुराने जनगणना के अनुसार ही चुनाव आयोग ने पंचायत चुनाव कराने को लेकर निर्देश जारी किया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
