दलसिंहसराय नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव: लॉटरी से तय हुई एक सीट,3 सदस्य निर्वाचित
दलसिंहसराय,नगर परिषद दलसिंहसराय की सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों के लिए शनिवार को चुनाव कराया गया.निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार की अध्यक्षता में परिषद सभागार में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी हुई.चुनाव के बाद सगुफ्ता बानो, देवभूषण चौधरी और विरेन्द्र झा को विजयी घोषित किया गया.सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण-पत्र देकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई.
सदस्य संख्या-01 के लिए सगुफ्ता बानो और सुशील कुमार सुरेखा मैदान में थे.मतदान के बाद दोनों प्रत्याशियों को 14-14 मत मिले.बराबरी की स्थिति बनने पर विभागीय नियमों के तहत लॉटरी कराई गई,जिसमें सगुफ्ता बानो के पक्ष में फैसला आया और उन्हें विजयी घोषित किया गया.दूसरी सीट के लिए देवभूषण चौधरी और पवन कुमार के बीच मुकाबला हुआ. मतगणना में देवभूषण चौधरी को 14 मत मिले, जबकि पवन कुमार को 13 मत प्राप्त हुए.एक मत रद्द होने के कारण देवभूषण चौधरी विजयी रहे.
सदस्य संख्या-03 के चुनाव में रेखा देवी और विरेन्द्र झा आमने-सामने थे.मतगणना में विरेन्द्र झा को 14 और रेखा देवी को 13 मत मिले.एक मत रद्द पाया गया.इसके बाद विरेन्द्र झा को निर्वाचित घोषित किया गया.
चुनाव प्रक्रिया में नगर परिषद के सभी 28 वार्ड पार्षद उपस्थित थे.प्रेक्षक के रूप में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी समस्तीपुर प्रवीण कुमार ने भी प्रक्रिया की निगरानी की.बीडीओ राजीव कुमार,राजस्व अधिकारी प्रीति मिश्रा, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मधु प्रियदर्शनी,अंचल अधिकारी नेहा कुमारी,अवर निर्वाचन पदाधिकारी रवि रंजन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
