कैश वैन से 27 लाख की लूट:गोपालपुर में पांच अपराधियों ने बनाया निशाना
पटना.गोपालपुर थाने के जोलबिघा के पास पांच अपराधियों ने सीएमएस सिक्योरिटी वैन से दिनदहाड़े 27 लाख रुपए लूट लिये। विरोध करने पर वैन चालक अरुण कुमार चौधरी और गार्ड सत्येंद्र को पिस्टल की बट से मारा। उसके बाद वैन का बोल्ट खोलकर 8 मिनट के अंदर कैश बॉक्स को लेकर तीन बाइक से फरार हो गए।
वैन संपतचक की दुकानों आैर मॉल से कैश कलेक्शन करने के बाद पटना सिटी की ओर जा रही थी। हर दिन की तरह वैन निर्धारित रूट से गुजर रही थी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन किमी दूर खेत से खाली कैश बॉक्स को बरामद कर लिया।चालक की बगल की सीट पर बैठे गार्ड सत्येंद्र ने बताया कि कलेक्शन का कैश जमा करने पटना जा रहे थे। जोलबिगहा के पास तीन बाइक सड़क पर खड़ी थीं। वैन को चालक ने रोक दिया।
हमलोग समझे कि कोई जमीन कारोबारी पास में प्लॉट देखने गया होगा। इतने में पांचों अपराधी वैन के पास पहुंच गए। एक ने मुझपर और दूसरे ने चालक अरुण पर पिस्टल तान दी। पूछा-पैसा कहां है? हमने कहा कि पैसा नहीं है तो दोनों को पिस्टल की बट से मारने लगे। गोली मारने की धमकी देने लगे। मेरी बंदूक छीनकर फेंक दी। तीन बदमाश वैन के पीछे गए और बोल्ट खोलकर कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। डायल 112 को कॉल किया तब पुलिस पहुंची।
वैन में जीपीएस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे नहीं थे
गृह मंत्रालय ने कैश वैन के लिए एसओपी जारी कर रखा है। इसके अनुसार, कैश वैन बख्तरबंद होनी चाहिए। उसमें जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरा और अलार्म सिस्टम होना चाहिए। कम से कम एक चालक, दो सशस्त्र गार्ड और दो कैश कस्टोडियन होने चाहिए। लेकिन, सीएमएस सिक्योरिटी की इस कैश वैन की खिड़की के शीशे खुले थे। दो गार्ड के बजाय एक ही था। कस्टोडियन भी दो के बजाय एक ही था। जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरा, अलार्म सिस्टम आैर पैनिक बटन भी नहीं था।
प्रोटोकॉल का पालन नहीं, एसआईटी गठित : एसपी
इस घटना के पीछे कोई लाइनर है, जिसने बदमाशों को सूचना दी कि वैन संपतचक से रवाना हो गई है। यही वजह थी कि बदमाश पहले से वहां पर मौजूद थे। सीएमएस के कर्मियों पर पुलिस को शक है। लुटेरे भी आसपास के ही हैं। एसआईटी बना दी गई है।सिटी एसपी ईस्ट परिचय कुमार ने बताया कि कैशवैन में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया था। उसके शीशे खुले थे। वैन में मौजूद तीनों कर्मियों और सीएमएस संचालक से पूछताछ होगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
