मौसम अपडेट:लू की चपेट में दक्षिण बिहार,कोसी-सीमांचल में आंधी-बारिश से 5 की मौत:आज 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
पटना.मौसम विभाग ने आज बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट किया है। इन जिलों में 50KM/H की रफ्तार से हवा चलेगी। साथ ही बिजली और ओले गिरने की आशंका है। वहीं राज्य के अन्य 25 जिलों में गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
दरअसल, बिहार इस समय मौसम के दोहरे मिजाज से जूझ रहा है। एक तरफ दक्षिण बिहार भीषण गर्मी है, तो दूसरी तरफ उत्तर और पूर्वी बिहार (कोसी-सीमांचल) में आंधी, बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है। बीते 24 घंटों के दौरान कोसी-सीमांचल के जिलों में आंधी और ठनका गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई।
सुपौल, कटिहार और अररिया में दर्जनों घर उजड़ गए और कई पेड़ गिर गए। रक्सौल और मधुबनी समेत 10 जिलों में बारिश हुई। सुपौल में शनिवार रात ओले भी गिरे। किशनगंज में तेज आंधी और बारिश की वजह कई जगह पेड़ उखड़ गए। कटिहार में तेज आंधी-बारिश से आम के फसलों को नुकसान पहुंचा है।
वहीं, 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ रोहतास का डेहरी सबसे गर्म रहा। जबकि 8 जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार रहा। भोजपुर में गर्मी से एक महिला की मौत हो गई।
कटिहार में 3 लोगों की मौत
शनिवार रात और रविवार को आए चक्रवाती तूफान ने कटिहार, पूर्णिया और अररिया में सबसे ज्यादा चोट पहुंचाई है। कटिहार में ठनका गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।पूर्णिया के अमौर में भी एक महिला की जान वज्रपात से चली गई, जबकि अररिया में घर की दीवार गिरने से एक वृद्ध महिला की मौत हुई। दूसरी तरफ, बिहार के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से वर्तमान में भीषण हीट वेव (लू) की चपेट में हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम
उत्तर बिहारः अगले 48 घंटों तक किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल में आंधी-बारिश और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी।
दक्षिण बिहारः अभी दो-तीन दिन गर्मी से राहत की उम्मीद कम है। लू का प्रकोप जारी रह सकता है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
