समस्तीपुर में अर्धनिर्मित मकान में बने तहखाने से शराब बरामद
समस्तीपुर.जिले के पटोरी में उत्पाद थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 7 अप्रैल को प्राप्त सूचना के आलोक में की गई छापेमारी में हलई थाना क्षेत्र के विक्रमपुर वार्ड संख्या 11 के रामबाबू राय के पुत्र धर्मेंद्र राय के कब्जे वाले ईंट से बने अर्धनिर्मित मकान से 938.3 लीटर विदेशी शराब जब्त किया गया है।
शराब को मकान के भीतर बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर रखा गया था, जिसे बरामद कर लिया गया। जब्त विदेशी शराब में विभिन्न ब्रांड के विभिन्न साइज की बोतलें शामिल हैं। इस मामले में फरार आरोपी धर्मेंद्र राय के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस छापेमारी अभियान में उत्पाद थाना पटोरी के थानाध्यक्ष समीर कुमार के नेतृत्व में राकेश कुमार, कंचन कुमारी, मद्य निषेध सिपाही सरोज कुमार पंडित, लक्ष्मी पासवान, संध्या कुमारी सहित गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे।