समस्तीपुर:तीन दिवसीय जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू,आंचल को प्रथम स्थान प्राप्त
समस्तीपुर.शहर के पटेल मैदान में जिला एथलेटिक संघ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय समस्तीपुर जिला स्कूल एवं ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप का शुभारंभ जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में एसडीओ दिलीप कुमार , महापौर अनीता राम, खेल पदाधिकारी विवेक कुमार एवं अनअकैडमी के निदेशक आकांक्षा कुमारी उपस्थित थे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में एथलेटिक संघ के अध्यक्ष रज़ीउल इस्लाम, सचिव मोहम्मद रुस्तम अली, कोषाध्यक्ष मोहम्मद अब्बास अंसारी, आयोजन सचिव एस.एन. ठाकुर व संरक्षक डॉ. के आनंद ने अहम भूमिका निभाई।
वहीं निर्णायक मंडल में मोहम्मद शाहिद आलम, आशुतोष कुमार, गंगा कुमार सहित अन्य सदस्यों ने प्रतियोगिता का संचालन किया. प्रतियोगिता में लगभग दो हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 1000 मीटर दौड़ के अंडर-16 बालिका वर्ग में आंचल कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजली कुमारी दूसरे एवं संगीता कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। इसी स्पर्धा के अंडर-16 बालक वर्ग में सुमन कुमार ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मनजीत कुमार दूसरे और शिवम राज तीसरे स्थान पर रहे. अंडर-12 बालिका वर्ग की ऊंची कूद प्रतियोगिता में दीपा भारती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। परिधि राज दूसरे एवं कीर्ति राज तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं इसी आयु वर्ग के बालक लंबी कूद में आर्यन राज ने प्रथम, शिवम ने द्वितीय तथा आदर्श ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. अंडर-14 बालक लंबी कूद प्रतियोगिता में सतीश कुमार प्रथम, मोहम्मद अहमद द्वितीय तथा मंजय कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग की लंबी कूद में चंदा रानी ने पहला, मीनाक्षी राज ने दूसरा तथा निधि कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। शॉट पुट अंडर-14 बालिका वर्ग में रूपम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चंदा रानी दूसरे एवं मीनाक्षी राज तीसरे स्थान पर रहीं। एथलेटिक संघ के सचिव मोहम्मद रुस्तम अली ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा, जिससे खेल प्रतिभाओं को निखरने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
